रेलवे का नया विस्तार, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कई नई ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी, यूपी, उत्तराखंड और महाराष्ट्र में बेहतर कनेक्टिविटी
et July 06, 2026 07:42 PM
भारतीय रेलवे लगातार अपने नेटवर्क और सेवाओं का विस्तार कर रहा है. इसी दिशा में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज 6 जुलाई को यात्रियों के लिए कई नई ट्रेन सेवाओं की शुरुआत की है. साथ ही रेलवे से जुड़े कई बड़े ऐलान भी किए हैं. नई ट्रेनों से उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और महाराष्ट्र के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. इसके अलावा रेल मंत्री ने बुलेट ट्रेन परियोजना, नए रेलवे ट्रैक, माल ढुलाई कॉरिडोर और सस्ती यात्रा सुविधाओं को लेकर भी अहम जानकारी साझा की. आइए जानते हैं डिटेल्स.

रेलवे का नया विस्तार
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भुवनेश्वर स्थित रेल सदन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए नांदेड़-मुंबई एक्सप्रेस और टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई है. साथ ही टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन का विस्तार अब शाहजहांपुर तक कर दिया गया है. इसके अलावा पहले विशेष ट्रेन के रूप में चलाई जा रही टनकपुर-आगरा सेवा को अब नियमित ट्रेन सेवा का दर्जा दे दिया गया है.


इस मौके पर रेल मंत्री ने कहा कि लंबे समय से टनकपुर से हजूर साहिब नांदेड़ तक सीधी ट्रेन की मांग की जा रही थी. इस नई ट्रेन से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के तराई क्षेत्र में रहने वाले बड़ी संख्या में सिख श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा. इससे उन्हें सिख धर्म के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक हजूर साहिब तक यात्रा करने में सुविधा होगी. साथ ही उन्होंने कहा कि खटीमा और बनबसा में इस ट्रेन के ठहराव की मांग पर रेलवे जल्द सर्वे करेगा. अगर यह संभव हुआ तो भविष्य में इन स्टेशनों पर भी ट्रेन का स्टॉपेज दिया जाएगा.

महाराष्ट्र में बेहतर रेलवे कनेक्टिविटी
नांदेड़-मुंबई एक्सप्रेस से महाराष्ट्र के वाशिम, हिंगोली और बसमत जैसे क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी. इसके जरिए मराठवाड़ा और विदर्भ क्षेत्र के लोगों की मुंबई से रेल कनेक्टिविटी और बेहतर होगी. रेल मंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारतीय रेलवे में बड़े पैमाने पर बदलाव हुए हैं. इस दौरान देशभर में करीब 37,000 किलोमीटर नए रेलवे ट्रैक बिछाए गए हैं, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है.

बुलेट ट्रेन और नए फ्रेट कॉरिडोर पर अपडेट
अश्विनी वैष्णव ने बताया कि देश की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है और इसका संचालन अगले वर्ष शुरू होने की उम्मीद है. उन्होंने बताया कि पूर्वी और पश्चिमी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का काम पूरा हो चुका है. वहीं, दानकुनी से ओडिशा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश को जोड़ने वाले नए पूर्व-पश्चिम माल ढुलाई कॉरिडोर पर भी तेजी से काम चल रहा है.

त्योहारों के लिए चलेंगी सैकड़ों स्पेशल ट्रेनें
रेल मंत्री ने जानकारी दी कि इस वर्ष गर्मियों के दौरान 15,000 से अधिक स्पेशल ट्रेनों का सफल संचालन किया गया, जो एक नया रिकॉर्ड है. इसके अलावा पुरी की जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान 300 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी, जबकि केरल के ओणम पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए 100 से ज्यादा विशेष ट्रेनें संचालित की जाएंगी.
© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.