पश्चिम बंगाल की तीन राज्यसभा सीटों के लिए उपचुनाव का ऐलान, जानें कब होंगे मतदान
Navjivan Hindi July 06, 2026 08:43 PM

भारतीय निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने पश्चिम बंगाल में तीन राज्यसभा के लिए उपचुनाव की घोषणा की है। इन सीटों के लिए वोटिंग 24 जुलाई को होगी और वोटों की गिनती भी उसी दिन की जाएगी।

उपचुनाव के लिए घोषित कार्यक्रम के तहत मंगलवार को अधिसूचना जारी की जाएगी। उम्मीदवार 14 जुलाई तक नामांकन दाखिल कर सकते हैं, जबकि 15 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 17 जुलाई नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख होगी। इसके बाद, जरूरत पड़ने पर 24 जुलाई को पश्चिम बंगाल विधानसभा में सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। उसी दिन शाम 5 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी।

पिछले महीने तृणमूल कांग्रेस के पूर्व सांसदों के इस्तीफे के बाद राज्यसभा की यह सीटें खाली हो गई थीं। इस्तीफा देने वाले नेताओं में सुखेंदु शेखर रॉय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बड़ाइक शामिल हैं। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में टीएमसी की करारी हार के बाद तीनों सदस्यों ने अपनी राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दिया था।

सुखेंदु शेखर रॉय और प्रकाश चिक बड़ाइक का कार्यकाल 18 अगस्त 2029 को पूरा होना था। लेकिन सुखेंदु शेखर ने 8 जून और बड़ाइक ने 11 जून को अपनी राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दिया। सुष्मिता देव का कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक था, जबकि उन्होंने 10 जून को अपनी सदस्यता से त्यागपत्र दिया।

आयोग ने आधिकारिक बयान में कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति करके चुनाव प्रक्रिया की बारीकी से निगरानी करने के लिए उचित उपाय किए जाएंगे।

ईसीआई ने निर्देश दिया है कि मतपत्र पर वरीयता को चिह्नित करने के लिए सिर्फ रिटर्निंग अधिकारी की ओर से उपलब्ध कराए गए और पहले से तय बैंगनी रंग के स्केच पेन का ही इस्तेमाल किया जाएगा। इन चुनावों में किसी भी परिस्थिति में किसी अन्य पेन का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा।

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.