नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम देते हुए पाकिस्तान के गैंगस्टर और आईएसआई के एजेंट शहजाद भट्टी नेटवर्क के दो अलग-अलग मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में दिल्ली और पंजाब से छह आतंकियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोग दो अलग-अलग नेटवर्क के जरिए काम कर रहे थे। एक नेटवर्क आतंकवादी गतिविधियों (टेरर मॉड्यूल) से जुड़ा था और दूसरा अवैध हथियारों की तस्करी में शामिल था। छापेमारी के दौरान, पुलिस ने आरोपियों के पास से कई पिस्टल, पेट्रोल बम, मोबाइल फोन, दो कारें और मोटरसाइकिल बरामद की है।
शुरुआती जांच से पता चला है कि यह नेटवर्क संगठित तरीके से काम कर रहा था और इसके तार कई राज्यों से जुड़े हो सकते हैं। दिल्ली पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनकी प्लानिंग तथा उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। आपको बता दें कि अभी हाल ही में 2 जुलाई को भी दिल्ली की स्पेशल सेल ने दिल्ली और पंजाब से चार आतंकियों को पकड़ा था। ये आतंकी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के निर्देश पर दिल्ली-एनसीआर में बड़ी आतंकी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे।
इनके पास तुर्की मेड जिगाना पिस्टल, विदेश में बनी एक अन्य पिस्तौल, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए गए थे। माना जा रहा है कि संभवत: इन आतंकियों की निशानदेही पर ही अन्य आतंकियों को पकड़ने में सफलता मिली है। वहीं गुजरात एटीएस ने 3 जुलाई आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया था। यह सभी जैश-ए-मोहम्मद के टेरर मॉड्यूल से जुड़े हुए थे। एटीएस ने इन आतंकियों को गुजरात और मध्य प्रदेश से पकड़ा गया था।
The post 6 Terrorists Arrested From Delhi And Punjab : दिल्ली और पंजाब से 6 आतंकी गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने ऑपरेशन को दिया अंजाम appeared first on News Room Post.