फीफा: मैक्सिको वर्ल्ड कप से बाहर, कोच एगुइरे ने फैंस से माफी मांगी
Indias News Hindi July 06, 2026 08:43 PM

मैक्सिको सिटी, 6 जुलाई . ‘राउंड ऑफ 16’ में इंग्लैंड के हाथों 2-3 से हार के बाद मैक्सिको का वर्ल्ड कप सफर समाप्त हो गया, जिसके बाद कोच जेवियर एगुइरे ने फैंस से माफी मांगी है. इस नतीजे के साथ ही 1986 के बाद पहली बार वर्ल्ड कप क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की मैक्सिको की उम्मीदें खत्म हो गईं और यह एगुइरे का हेड कोच के तौर पर आखिरी मैच भी था.

‘सिन्हुआ’ के अनुसार एगुइरे ने कहा, “हम फैंस को खुशी और आनंद की एक और रात नहीं दे पाए. मैं उन फैंस का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं जो इस स्टेडियम, दूसरे स्टेडियमों और फैन फेस्टिवल में आए थे. मैं फैंस से बस यही कह सकता हूं कि मुझे अफसोस है. हमने मैदान पर अपना सब कुछ झोंक दिया था.”

मैक्सिको सिटी स्टेडियम में जूड बेलिंघम (36वें और 38वें मिनट) के पहले हाफ में तीन मिनट के अंदर दो गोल करने से मैक्सिको 0-2 से पिछड़ गया, जिसके बाद जूलियन क्विनोन्स ने एक गोल करके वापसी की.

दूसरे हाफ की शुरुआत में जैरेल क्वानसाह के बाहर भेजे जाने से खेल का रुख थोड़ी देर के लिए बदला, लेकिन हैरी केन ने पेनाल्टी स्पॉट से इंग्लैंड की दो गोल की बढ़त फिर से बना ली और राउल जिमेनेज की 12 यार्ड से की गई आखिरी कोशिश मैच को एक्स्ट्रा टाइम तक ले जाने के लिए काफी नहीं थी.

एगुइरे ने कहा, “इंग्लैंड को हराने के लिए आपको एकदम सही मैच खेलना होगा. हमने दो गोल खाए, वापसी के लिए संघर्ष किया और हमारा हौसला भी शानदार था, लेकिन तीसरे गोल ने हमारी उम्मीदें खत्म कर दीं. वे बहुत अच्छा डिफेंस करते हैं और उनकी टीम बहुत मजबूत है. आज रात हमने तीन गलतियां कीं और उसकी कीमत चुकानी पड़ी. उन्हें चार या पांच मौके मिले और हमें सात या आठ, लेकिन इसका कोई मतलब नहीं है. उन्होंने हमसे कम गलतियां कीं.”

एगुइरे ने जुलाई 2024 में टीम की जिम्मेदारी संभाली थी. उनके मार्गदर्शन में मैक्सिको ने 21 जीत हासिल कीं. 8 मैच ड्रॉ रहे, जबकि पांच में हार मिली. उन्होंने अपने उत्तराधिकारी राफेल मार्केज का समर्थन किया, जो उनके असिस्टेंट के तौर पर काम कर चुके हैं, कि वे टीम को और ऊंचाइयों पर ले जाएंगे.

एगुइरे ने कहा, “मैं जीत के साथ विदा लेना चाहता था, लेकिन यह बहुत दुखद है. मेरे पास कहने के लिए ज्यादा कुछ नहीं है और मैं कोई बहाना नहीं बनाऊंगा. हार तो हार होती है. हमने इंग्लैंड से कुछ ज्यादा गलतियां कीं और इसी वजह से हमें हार का सामना करना पड़ा.”

मेक्सिको ने अपने पिछले चार मुकाबलों में कोई गोल नहीं खाया था. एगुइरे ने कहा कि उनके खिलाड़ियों ने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की और अगर किसी को दोष देना है, तो उन्हें ही दिया जाए. एगुइरे ने कहा, “उन 26 खिलाड़ियों ने मुझे बहुत खुश किया. उन्हें गर्व के साथ सिर ऊंचा रखना चाहिए. अगर किसी की आलोचना करनी है, तो हेड कोच की करें. उन्होंने मैदान पर अपना सब कुछ झोंक दिया.”

आरएसजी

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.