Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली के बिथरी चैनपुर क्षेत्र की एक युवती साइबर ठग के झांसे में आ गई. ठग ने सोशल मीडिया पर दोस्ती की, खुद को लंदन में रहने वाला बताया और शादी का वादा कर युवती का भरोसा जीत लिया. कई दिनों तक मीठी-मीठी बातें करने के बाद उसने भारत आने और शादी करके युवती को अपने साथ लंदन ले जाने का सपना दिखाया. जब युवती पूरी तरह उसके भरोसे में आ गई तो ठग ने एयरपोर्ट पर फंसने का बहाना बनाकर उससे रुपए ट्रांसफर करा लिए. बाद में और रुपए मांगने पर युवती को ठगी का एहसास हुआ. उसने बिथरी चैनपुर थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
पहले दोस्ती, फिर शादी का वादा और उसके बाद ठगीदरअसल, युवती की सोशल मीडिया पर एक युवक से बातचीत शुरू हुई थी. युवक ने खुद को लंदन का रहने वाला बताया और कहा कि वह भारत आकर उससे शादी करेगा. उसने यह भी भरोसा दिलाया कि शादी के बाद वह उसे अपने साथ लंदन ले जाएगा. लगातार बातचीत और भरोसा दिलाने के कारण युवती उसकी बातों पर विश्वास करने लगी. कुछ दिन बाद ठग ने फोन कर बताया कि वह भारत पहुंच चुका है, लेकिन एयरपोर्ट पर किसी कारण से फंस गया है. उसने कहा कि अगर तुरंत कुछ रुपए मिल जाएं तो वह बाहर निकल जाएगा.
ये भी पढ़ें- भाई की कैसे हुई मौत? तंत्र-मंत्र से राज जानने गाजियाबाद से रायपुर पहुंचा कारोबारी, बाबा ने 40 लाख की संपत्ति उड़ा लिए
युवती ने उसकी बातों पर भरोसा करते हुए ऑनलाइन 12 हजार रुपए भेज दिए. इसके कुछ समय बाद दूसरे नंबर से फोन आया. कॉल करने वाले ने खुद को पुलिस अधिकारी बताया और कहा कि युवक को छोड़ने के लिए 50 हजार रुपए और जमा करने होंगे. यह सुनकर युवती को शक हुआ. उसने दोबारा रुपए भेजने से इनकार कर दिया. इसके बाद उसे समझ में आया कि वह साइबर ठगी का शिकार हो गई है.
पुलिस ने शुरू की जांचठगी का एहसास होने के बाद युवती सीधे बिथरी चैनपुर थाने पहुंची और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. मोबाइल नंबरों व बैंक खातों की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि साइबर ठग अब सोशल मीडिया के जरिए लोगों से दोस्ती कर उन्हें भावनात्मक रूप से अपने जाल में फंसा रहे हैं. इसलिए किसी भी अनजान व्यक्ति की बातों पर आंख बंद करके भरोसा नहीं करना चाहिए.