बांकीपुर उपचुनाव: RJD ने रेखा गुप्ता को बनाया उम्मीदवार, प्रशांत किशोर को बड़ा झटका
TV9 Bharatvarsh July 07, 2026 07:42 AM

बिहार विधानसभा की बांकीपुर सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने सोमवार को रेखा गुप्ता को अपना उम्मीदवार घोषित किया. इसी के साथ ही उन अटकलों पर विराम लग गया कि आरजेडी नीत महागठबंधन इस सीट पर जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर का समर्थन कर सकता है.

आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाए जाने का फैसला पूरे महागठबंधन का निर्णय है. रेखा गुप्ता ने पिछले वर्ष हुए विधानसभा चुनाव में भी इसी सीट से आरजेडी के टिकट पर चुनाव लड़ा था.

इस सीट से चुनाव लड़ चुकी हैं रेखा

मंगनी लाल मंडल ने कहा, रेखा कुमारी उर्फ रेखा गुप्ता ने नवंबर 2025 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें करीब 47 हजार वोट मिले थे. अब बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के इस्तीफा देने से यह सीट खाली हुई है, इसलिए हमने उन्हें फिर से उम्मीदवार बनाने का फैसला किया है.

बीजेपी का गढ़ रही है बांकीपुर

आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष के साथ संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के प्रधान राष्ट्रीय महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी, राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह भी मौजूद थे. प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों ने पूछा कि अटकल थी कि महागठबंधन में शामिल कांग्रेस की इच्छा थी कि बीजेपी के लंबे समय से गढ़ रहे बांकीपुर सीट पर पूरे विपक्ष की ओर से संयुक्त उम्मीदवार के रूप में प्रशांत किशोर का समर्थन किया जाए.

रेखा गुप्ता की उम्मीदवारी को सबका समर्थन

इसके जवाब में मंडल ने कहा, हमने कांग्रेस नेतृत्व से इस तरह की कोई बात कभी नहीं सुनी है. आप निश्चिंत रहें कि रेखा गुप्ता की उम्मीदवारी को हमारे सभी सहयोगी दलों का समर्थन प्राप्त है. हमने ऐसी किसी सीट पर दावा नहीं किया है, जहां हमारे सहयोगी पिछली बार चुनाव लड़ रहे थे. पिछली बार बांकीपुर सीट पर आरजेडी ने चुनाव लड़ा था, इसलिए इस बार भी हम ही मैदान में हैं.

बांकीपुर उपचुनाव में कौन-कौन उम्मीदवार

सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अभी तक बांकीपुर उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है. हालांकि अब तक जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर के अलावा और आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल नाम से अलग पार्टी बना चुके तेज प्रताप यादव ने स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता वीणा मानवी को चुनाव मैदान में उतारने की घोषणा कर चुके हैं.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.