आंध्र प्रदेश: कहां है जाह्नवी? एक महीने से 200 लोग जंगलों में बच्ची की तलाश में जुटे, खोजी कुत्ते की भी संदिग्ध मौत
TV9 Bharatvarsh July 07, 2026 11:42 AM

Jahnavi Missing Case: आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले से 30 दिन पहले लापता हुई मासूम जाह्नवी के मामले में एक नया मोड़ सामने आया है. जिस दिन बच्ची लापता हुई थी, उसी दिन गांव में दिखाई दी एक किआ कार अब पुलिस जांच के केंद्र में आ गई है. परिवार और ग्रामीणों का दावा है कि यही कार बाद में नरसिपटनम के पास जाह्नवी के दादा को टक्कर मारकर फरार हुई थी. ऐसे में परिजन इस कार और बच्ची के लापता होने के बीच संभावित संबंध की जांच की मांग कर रहे हैं.

सीएच अग्रहारम गांव से एक महीने पहले रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई जाह्नवी का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है. पुलिस, वन विभाग और अन्य एजेंसियां लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं, लेकिन बच्ची का पता नहीं चल सका है. इस बीच सीसीटीवी फुटेज में कैद किआ कार ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है.

लापता होने के दिन कुत्ता भी हुआ था गायब

जाह्नवी के माता-पिता भवानी और गणेश ताड़ के तेल के बागान में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करते हैं. 6 जून को जब जाह्नवी लापता हुई, उसी दिन परिवार का पालतू कुत्ता भी गायब हो गया था. बाद में कुत्ता कई किलोमीटर दूर मिला और उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए उसमें जीपीएस ट्रैकर लगाया गया. हालांकि कुछ ही दिनों बाद कुत्ते की मौत हो गई. उसका पोस्टमार्टम कर नमूने फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए, लेकिन उससे भी कोई अहम सुराग नहीं मिल पाया.

500 एकड़ जंगल और पहाड़ियों में चल रही तलाश

जाह्नवी की तलाश में पिछले कई दिनों से करीब 200 पुलिस और अन्य विभागों के कर्मचारी 500 एकड़ से अधिक वन क्षेत्र, पहाड़ियों, खेतों, नहरों और आसपास के इलाकों में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं. ड्रोन कैमरों की मदद से भी इलाके की निगरानी की जा रही है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है और आसपास आने वाले खानाबदोश समूहों से भी जानकारी जुटा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है.

परिवार की बढ़ती बेबसी

बेटी के लापता होने के बाद मां भवानी सदमे में हैं और उनकी तबीयत भी बिगड़ गई है. वहीं पिता गणेश लगातार विभिन्न गांवों में पोस्टर लगाकर लोगों से बेटी के बारे में जानकारी देने की अपील कर रहे हैं. परिवार की मांग है कि सीसीटीवी में दिखाई दी किआ कार की हर पहलू से जांच की जाए ताकि जाह्नवी के लापता होने के रहस्य से पर्दा उठ सके.

ये भी पढ़ें – महाराष्ट्र में 8 जुलाई तक भारी बारिश, CM फडणवीस बोले- सरकार हाई अलर्ट

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.