अंकारा : अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम नहीं हो रहा है। शांती वार्ता से इतर दोनों देश -एक दूसरे को हमले की धमकी दे रहे हैं और जवाबी कार्रवाई भी कर रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इन दिनों तुर्किये दौरे पर हैं। तुर्किये की राजधानी अंकारा में ट्रंप नाटो (NATO) शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए गए हैं। इसके साथ ही उनका यह दौरा अमेरिका-तुर्किये संबंधों और क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े कई अहम मुद्दों पर केंद्रित है।
मुझे टिकटॉक पर नंबर वन होना ज्यादा पसंद- ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर तुर्किये में बड़ा बयान दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मीडिया के सामने कहा, 'ईरान की किल लिस्ट (मारने की सूची) में मैं नंबर वन पर हूं। मुझे इसकी कोई परवाह नहीं है, क्योंकि मैं अपना काम कर रहा हूं। मुझे उम्मीद है कि मैं इसे किसी भी दूसरे व्यक्ति से बेहतर तरीके से कर रहा हूं, क्योंकि हमारा देश बहुत आगे बढ़ रहा है और सचमुच बहुत सफल है। मुझे टिकटॉक पर नंबर वन होना ज्यादा पसंद है, लेकिन मैं मारने की लिस्ट में नंबर वन पर हूं।'
हम 10 गुना ज्यादा जोरदार हमला करते हैं- ट्रंप
जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से पूछा गया कि क्या ईरान के साथ युद्ध फिर से शुरू होने वाला है, तो उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि यह फिर से शुरू होगा। मुझे लगता है कि यह बहुत जल्दी खत्म हो जाएगा। उन्होंने कुछ जहाजों पर हमला किया, और हमने उन पर उससे कहीं ज्यादा जोरदार हमला किया। जब वे हमला करते हैं, तो हम 10 गुना ज्यादा जोरदार हमला करते हैं। हम उनसे कहीं ज्यादा जोरदार हमला करते हैं। हमारे पास उनसे कहीं बेहतर हथियार हैं।'
जो कुछ भी होगा, बहुत जल्द खत्म हो जाएगा
ट्रंप ने कहा, 'किसी ने मुझसे पहले पूछा था कि क्या मुझे लगता है कि मैं आज रात उन पर हमला करूंगा? मैंने कहा, हम कर सकते हैं। लेकिन जब वे हमला करते हैं, तो हम भी हमला करते हैं। हम उनकी ही भाषा का इस्तेमाल करते हैं। मुझे लगता है कि जो कुछ भी होगा, वह बहुत जल्दी खत्म हो जाएगा। हम इसे और सुरक्षित बनाएंगे, जिसमें तेल भी शामिल है।'
हमारे पास होर्मुज स्ट्रेट- ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा, 'तेल की सप्लाई बहुत आसान और बेरोकटोक होगी और यह सब बहुत तेजी से होगा। हमारे पास होर्मुज स्ट्रेट (Hormuz Strait) है। नावें हट गई हैं। अभी तेल की भारी सप्लाई हो रही है। हमारे पास बहुत सारा तेल है। जो कुछ भी होगा, बहुत तेजी से होगा। हम लंबे समय तक चलने वाले टकराव के बारे में नहीं सोच रहे हैं।'
तुर्किये में मीडिया के सामने डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'मुझे पक्का नहीं पता कि मैं उनके (ईरान) साथ कोई डील करना चाहता हूं या नहीं। हम खेल खेल सकते हैं, लेकिन मुझे यकीन नहीं है कि मैं डील करना चाहता हूं। बस काम खत्म करते हैं।'
अगर मैं राष्ट्रपति नहीं होता, तो इजरायल का अस्तित्व नहीं होता- ट्रंप
ट्रंप ने कहा, 'हम कभी नहीं चाहेंगे कि ईरान के पास न्यूक्लियर हथियार हों क्योंकि यह बहुत जरूरी है। तेल की कीमतें तेजी से गिर रही हैं। अब वे थोड़ी बढ़ेंगी और यह बहुत जल्दी खत्म हो जाएगा। मुझे एक बात पक्की करनी है कि न्यूक्लियर हथियारों का कंट्रोल सनकी लोगों के हाथ में न हो। ऐसा कोई तरीका नहीं है कि उनके पास न्यूक्लियर हथियार हों। अगर ऐसा नहीं होता, तो उनके पास न्यूक्लियर हथियार होते और वे इजरायल को खत्म कर देते। अगर मैं राष्ट्रपति नहीं होता, तो इजरायल का अस्तित्व ही नहीं होता।'