Sangeeta Bijlani: अब कहां हैं सलमान खान की एक्स गर्लफ्रेंड संगीता बिजलानी? 30 साल से नहीं आई कोई फिल्म
TV9 Bharatvarsh July 09, 2026 09:42 AM

Actress Sangeeta Bijlani: बॉलीवुड की ‘एवरग्रीन ब्यूटी’ संगीता बिजलानी का आज (9 जुलाई) बर्थडे है. वो 66 साल की हो चुकी हैं. उम्र के इस पड़ाव पर आकर भी संगीता की खूबसूरती और उनकी फिटनेस को देखकर कोई भी उनकी सही उम्र का अंदाजा नहीं लगा सकता. 90 के दशक में अपनी कातिलाना अदाओं और एक्टिंग से लाखों दिलों पर राज करने वाली संगीता आज भले ही बड़े पर्दे से दूर हैं, लेकिन उनका चार्म आज भी वैसा ही बरकरार है. जब भी संगीता के नाम का जिक्र होता है, तो फैंस के जहन में उनकी सुपरहिट फिल्मों के साथ-साथ सुपरस्टार सलमान खान का नाम भी अपने आप आ जाता है. आज संगीता के इस जन्मदिन पर आइए जान लेते हैं कि अपनी अदाओं से बिजली गिराने वाली ये हसीना आखिरकार अब कहां हैं और क्या कर रही हैं?

संगीता बिजलानी के फैंस को थोड़ी हैरान कर सकती है, लेकिन संगीता बिजलानी को बड़े पर्दे पर मुख्य भूमिका निभाए हुए लगभग तीन दशक बीत चुके हैं. अगर उनके फिल्मी सफर के आखिरी पड़ाव पर नजर डालें, तो साल 1996 में आई फिल्म ‘निर्भय’ उनकी आखिरी बॉलीवुड फिल्म थी. इस फिल्म में वो मिथुन चक्रवर्ती के साथ स्क्रीन शेयर करती हुई नजर आई थीं. ‘निर्भय’ के सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद संगीता ने जैसे फिल्मी दुनिया से एक सोची-समझी दूरी बना ली. उसके बाद वो कभी किसी बड़ी फिल्म में लीड रोल या फुल-फ्लेज्ड किरदार में दिखाई नहीं दीं. हालांकि, उन्होंने कुछ टीवी सीरियल्स में हाथ जरूर आजमाया, लेकिन बड़े पर्दे की चकाचौंध से वो पिछले 30 सालों से पूरी तरह दूर हैं.

सलमान खान से शादी के कार्ड छपने तक का सफर

संगीता बिजलानी के करियर और निजी जिंदगी का एक बेहद चर्चित हिस्सा सुपरस्टार सलमान खान के साथ उनका रिश्ता रहा है. संगीता और सलमान की प्रेम कहानी उस दौर में हर फिल्मी मैगजीन के कवर पेज की रौनक हुआ करती थी. दोनों का प्यार इस कदर परवान चढ़ा था कि बात शादी के मंडप तक पहुंच गई थी. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो साल 1994 में दोनों की शादी के कार्ड तक छप चुके थे और शादी की तारीख भी तय हो गई थी. लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. ऐन वक्त पर कुछ निजी वजहों और आपसी गलतफहमियों के चलते ये शादी टूट गई. हालांकि, रिश्ता टूटने के बाद भी दोनों ने अपनी दोस्ती को कभी बिखरने नहीं दिया. आज भी सलमान खान के फैमिली फंक्शन और ईद की पार्टियों में संगीता की मौजूदगी साफ बताती है कि दोनों के बीच आज भी बेहद खूबसूरत बॉन्डिंग है.

क्रिकेटर अजहरुद्दीन से शादी और तलाक

सलमान खान से अलग होने के बाद संगीता की जिंदगी में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन की एंट्री हुई. साल 1996 में जब संगीता की आखिरी फिल्म ‘निर्भय’ रिलीज हुई थी, उसी साल उन्होंने अजहरुद्दीन से शादी कर ली और ग्लैमर की दुनिया को पूरी तरह अलविदा कह दिया. दोनों की ये शादी उस वक्त की सबसे बड़ी खबरों में से एक थी, लेकिन करीब 14 साल तक साथ रहने के बाद साल 2010 में इन दोनों का तलाक हो गया.

ये भी पढ़ें-

1200 करोड़ी वाराणसी के बाद इंटरनेशनल प्रोजेक्ट पर काम करेंगे महेश बाबू? पता चल गया

प्रीतम एंड पेड्रो में स्पोर्ट्स मिनिस्टर की पत्नी बनी एक्ट्रेस कौन? 18 सालों से इंडस्ट्री में, Jr. Ntr संग भी किया काम

आखिर अब कहां हैं और क्या करती हैं संगीता बिजलानी?

तलाक और फिल्मों से लंबी दूरी के बाद भी संगीता बिजलानी ने कभी खुद को कमजोर नहीं पड़ने दिया. आज के समय में संगीता मुंबई में अपनी एक बेहद शानदार, आत्मनिर्भर और सुकून भरी जिंदगी जी रही हैं. भले ही वो फिल्मों में एक्टिंग नहीं कर रहीं, लेकिन वो पेज-3 पार्टियों, बड़े फैशन शोज और बॉलीवुड के खास इवेंट्स में अक्सर अपनी मौजूदगी दर्ज कराती हैं. संगीता आज सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं और अक्सर अपने योगा, हेक्टिक वर्कआउट और ट्रैवलिंग के वीडियोज फैंस के साथ शेयर करती हैं. वो आज की युवा पीढ़ी के लिए एक बेहतरीन फिटनेस आइकॉन बन चुकी हैं. फिल्में न करने के बावजूद संगीता आज भी एक बेहद खुशहाल जिंदगी बिता रही हैं.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.