जयपुर में SMS हॉस्पिटल के डॉक्टर ने किया सुसाइड, पोस्टमार्टम के दौरान भावुक हुए जूनियर, बोले- नहीं कर पाएंगे सर की लाश का चीड़-फाड़
TV9 Bharatvarsh July 09, 2026 03:43 PM

Jaipur Doctor Suicide: राजस्थान के सबसे बड़े अस्पताल सवाई मानसिंह (SMS) मेडिकल कॉलेज के फोरेंसिक साइंस विभाग के हेड (HOD) प्रोफेसर डॉ. नंदलाल डिसानिया ने जयपुर स्थित अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. यह घटना बुधवार सुबह झोटवाड़ा थाना क्षेत्र के अग्रसेन नगर की है. 58 साल के डॉ. डिसानिया की मौत की खबर से शोक की लहर दौड़ गई है.

मंगलवार रात परिवार के सभी सदस्य एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए थे. उस समय डॉ. डिसानिया घर पर अकेले थे. देर रात जब परिजन लौटे तो उन्होंने उन्हें कमरे में फंदे से लटका पाया. आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.

सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ

पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. ऐसे में आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. हालांकि शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि परिवार के एक सदस्य से जुड़े आर्थिक धोखाधड़ी के मामले को लेकर वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे. पुलिस परिजनों और अन्य लोगों से पूछताछ कर सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें:शादी के 20 साल बाद फिर बनी दुल्हनिया, दो बच्चों संग जब मंडप पर आ धमका पति तो हैरान कर देगी बेवफा पत्नी की कहानी

डॉ. डिसानिया राजस्थान के प्रतिष्ठित फोरेंसिक विशेषज्ञों में गिने जाते थे. वह वर्तमान में एसएमएस मेडिकल कॉलेज के फोरेंसिक साइंस विभाग के अध्यक्ष थे. करीब दो महीने पहले ही उन्होंने कॉलेज में अत्याधुनिक हाईटेक फोरेंसिक लैब की शुरुआत कराई थी. उनके दामाद डॉ. सुरेश चौधरी भी एसएमएस अस्पताल में न्यूरोसर्जन हैं.

भावुक हो गए जूनियर

इस घटना का सबसे भावुक पल तब सामने आया, जब डॉ. डिसानिया का शव पोस्टमार्टम के लिए मॉर्च्युरी पहुंचा. संयोग से पोस्टमार्टम करने की जिम्मेदारी उनके ही जूनियर पर आ गई, जिसे उन्होंने मेडिकल कॉलेज में पढ़ाया था. अपने गुरु का शव देखकर छात्र भावुक हो गया और उसने कहा, “जिस गुरु ने हमें पढ़ाया, उनके शरीर पर चीर-फाड़ हम कैसे कर सकते हैं?” हालांकि, डॉक्टरों की एक टीम ने शव को पोस्टमार्टम किया.

वहीं, झोटवाड़ा थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. मॉर्च्युरी के बाहर सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और अन्य सबूतों के आधार पर ही आत्महत्या के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.