Team India Short Ball Weakness: ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड पर चौथे टी20 मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजी की वही पुरानी और दुखती रग एक बार फिर उजागर हो गई. शॉर्ट पिच गेंद और एक्स्ट्रा बाउंस पर टीम इंडिया के बल्लेबाज फिर जूझते हुए नजर आए. इंग्लैंड के गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजों की इस कमजोरी का ऐसा फायदा उठाया कि टीम इंडिया का टॉप ऑर्डर ताश के पत्तों की तरह बिखर गया. भारत ने सिर्फ 48 रनों के स्कोर पर अपने टॉप तीन बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन का विकेट गंवा दिया. पूरी सीरीज में लगातार मिल रही चेतावनियों के बावजूद भारतीय स्टार बल्लेबाज अपनी गलतियों से सीख लेने को तैयार नहीं हैं, जिससे अब बड़े सवाल खड़े होने लगे हैं.
स्पंजी बाउंस और पुल शॉट बना कालमैच के दौरान पूर्व भारतीय क्रिकेटर दिनेश कार्तिक ने सटीक बात कही कि भारतीय बल्लेबाज इंग्लैंड की पिचों पर मिलने वाले स्पंजी बाउंस को भांपने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहे हैं. सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि तीनों ही टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज एक ही ढर्रे पर, यानी पुल और अक्रॉस द लाइन शॉट खेलने के चक्कर में अपने विकेट तोहफे में देकर पवेलियन लौटे. अभिषेक शर्मा तो स्पिनर के खिलाफ छोटी गेंद पड़ने में नाकाम रहे और एक्स्ट्रा बाउंस के चलते आउट हो गए.
वैभव सूर्यवंशी फिर बने बाउंसर का शिकारटीम इंडिया की पारी के तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर जोफ्रा आर्चर ने एक बार फिर युवा वैभव सूर्यवंशी को अपनी रफ्तार और उछाल से फंसाया. आर्चर की बैक ऑफ द लेंथ गेंद ऑफ-स्टंप के बाहर से तेजी से ऊपर की ओर उठी. वैभव ने जगह न होने के बावजूद लाइन में आकर बल्ला घुमा दिया. गेंद बल्ले के ऊपरी हिस्से पर लगकर हवा में ऊंची उठ गई और 30 गज के घेरे के अंदर ही मिड-ऑन पर फील्डर सैम करन के हाथों में समा गई.
ईशान किशन से भी हुई चूकपांचवें ओवर की दूसरी गेंद पर जोश टंग ने ईशान किशन को शॉर्ट लेंथ गेंद से निशाना बनाया. गेंद ईशान के शरीर की तरफ तेजी से ऊपर उठ रही थी. किशन ने बिना पैर चलाए अक्रॉस द लाइन जाकर एक बड़ा हवाई शॉट खेलने की कोशिश की. टाइमिंग सही न होने के कारण गेंद बल्ले का किनारा लेकर पीछे शॉर्ट थर्ड मैन की तरफ चली गई, जहां सैम करन ने एक और आसान कैच लपका.
अभिषेक शर्मा को राशिद ने किया आउटजब तेज गेंदबाज शॉर्ट बॉल से कहर बरपा रहे थे, तब सातवें ओवर की चौथी गेंद पर लेग स्पिनर आदिल राशिद ने अभिषेक शर्मा को अपने जाल में फंसाया. राशिद ने स्टंप्स की लाइन पर एक हाफ वोली जैसी छोटी गेंद फेंकी. अभिषेक ने बड़ी बाउंड्री को टारगेट करते हुए अक्रॉस द लाइन जोर से बल्ला घुमाया, लेकिन शॉट में बिल्कुल ताकत नहीं थी. गेंद हवा में तैरती हुई सीधे गेंदबाज राशिद के बाईं ओर गई, जिन्होंने आगे दौड़ते हुए अपनी ही गेंद पर एक शानदार कैच लपक लिया.
यानी इंग्लैंड की परिस्थितियों में भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन बद से बदतर होता जा रहा है. जहां एक तरफ इंग्लैंड की टीम अपनी इस शॉर्ट बॉल रणनीति की सफलता पर जश्न मना रही है, वहीं भारतीय बल्लेबाज रनों के लिए तरसते दिख रहे हैं. सीरीज दर सीरीज एक ही गलती को दोहराना यह साफ करता है कि टीम इंडिया के थिंक-टैंक और बल्लेबाजों को अपनी तकनीक और आक्रामक मानसिकता पर तुरंत काम करने की जरूरत है, वरना इंग्लैंड का यह दौरा एक बुरे सपने में तब्दील हो सकता है.