जल्द लांच होने वाली है IRCTC की नई वेबसाइट, अब और आसान होगी टिकट बुकिंग
TV9 Bharatvarsh July 10, 2026 09:44 PM

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि IRCTC की नई वेबसाइट का Beta वर्जन जल्द लॉन्च किया जाएगा. शुक्रवार को जयपुर के MNIT के छात्रों ने नई वेबसाइट का डेमो देखा और उस पर अपनी राय भी दी.छात्रों के सुझावों के आधार पर वेबसाइट को और बेहतर बनाया जा रहा है.

कुछ हफ्ते पहले MNIT के छात्रों ने मौजूदा IRCTC वेबसाइट की कई कमियां बताई थीं.उसी के बाद रेलवे ने वेबसाइट को पूरी तरह नया रूप देने का फैसला किया था.अब नई वेबसाइट तैयार है और इसे भारतीय रेलवे के नए Passenger Reservation System से जोड़ा जा रहा है. रेल मंत्री ने बताया कि नया रिजर्वेशन सिस्टम भी एक साथ तैयार किया जा रहा है.इसके पूरा होते ही आने वाले कुछ महीनों में नई IRCTC वेबसाइट सभी यात्रियों के लिए शुरू कर दी जाएगी.

नई वेबसाइट में क्या होगा खास?

  • बार-बार आने वाले Captcha और बेवजह के Pop-up नहीं होंगे.
  • सभी क्लास में सीट उपलब्धता एक साथ दिखाई देगी.
  • टिकट बुक करने के लिए कम स्टेप्स होंगे, जिससे बुकिंग पहले से ज्यादा तेज होगी.

मिलेंगी ये भी सुविधाएं

बार-बार यात्रा करने वालों के लिए यात्रियों की जानकारी सेव रहेगी, जिससे दोबारा टिकट बुक करना आसान होगा. रेल मंत्री ने यह भी बताया कि रेलवे पिछले 40 साल से चल रहे Passenger Reservation System को भी पूरी तरह अपग्रेड कर रहा है.यह काम बिना टिकट बुकिंग सेवा रोके किया जा रहा है और नया सिस्टम जल्द लॉन्च होगा. उन्होंने बताया कि RailOne ऐप के डाउनलोड अब 4 करोड़ से ज्यादा हो चुके हैं.यह देश का सबसे बड़ा रेलवे टिकट बुकिंग ऐप बन गया है, जहां रेलवे की लगभग सभी सेवाएं एक ही जगह उपलब्ध हैं. Tatkal टिकटों में बॉट्स और फर्जी बुकिंग रोकने के लिए भी कई कदम उठाए गए हैं.रेलवे का कहना है कि इसमें कुछ सुधार हुआ है, लेकिन इस पर लगातार काम जारी रहेगा.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.