जब 'स्प्लिट्सविला' ने बदली पारस छाबड़ा की किस्मत, एक रियलिटी शो से शुरू हुआ टीवी स्टार बनने का सफर
Indias News Hindi July 10, 2026 11:42 PM

Mumbai , 10 जुलाई . मनोरंजन की दुनिया में कई कलाकार ऐसे होते हैं, जिनकी पहचान एक खास मौके से बनती है. टीवी Actor पारस छाबड़ा की कहानी भी कुछ ऐसी ही है. आज वह रियलिटी शो, टीवी सीरियल और डिजिटल दुनिया में जाना-पहचाना नाम हैं, लेकिन उनकी पहचान की शुरुआत एक रियलिटी शो से हुई थी. साल 2012 में आए एमटीवी के शो ‘स्प्लिट्सविला 5’ ने पारस को घर-घर में पहचान दिलाई और इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा.

पारस छाबड़ा का जन्म 11 जुलाई 1990 को दिल्ली में हुआ था. उनका बचपन आसान नहीं रहा. जब वह बहुत छोटे थे, तभी उनके पिता का निधन हो गया था. इसके बाद मां रूबी छाबड़ा ने अकेले उनकी परवरिश की. मां के संघर्ष और अपने सपनों को पूरा करने की इच्छा ने पारस को आगे बढ़ने की हिम्मत दी. पढ़ाई के दौरान ही पारस ने मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा और अपनी पहचान बनाने की कोशिश शुरू कर दी.

मॉडलिंग के शुरुआती दिनों में पारस ने काफी संघर्ष किया. उन्होंने अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए कई छोटे-मोटे काम भी किए. धीरे-धीरे उन्हें मॉडलिंग के मौके मिलने लगे और वह विज्ञापनों में नजर आने लगे. इसी दौरान उन्हें टीवी की दुनिया में कदम रखने का मौका मिला.

साल 2012 पारस छाबड़ा के करियर का सबसे अहम साल साबित हुआ. उन्होंने एमटीवी के लोकप्रिय रियलिटी शो ‘स्प्लिट्सविला 5’ में हिस्सा लिया. यह शो युवाओं के बीच काफी पसंद किया जाता था. पारस ने शो में अपने आत्मविश्वास और व्यक्तित्व से लोगों का ध्यान खींचा. आकांक्षा पोपली के साथ उन्होंने इस शो की ट्रॉफी अपने नाम की और विजेता बने. इस जीत के बाद पारस को टीवी इंडस्ट्री में एक नई पहचान मिली.

‘स्प्लिट्सविला 5’ की सफलता के बाद पारस ने कई दूसरे प्रोजेक्ट्स में काम किया. वह चैनल वी के शो ‘वी द सीरियल’ में नजर आए. उन्होंने साल 2015 में एक बार फिर एमटीवी के रियलिटी शो ‘स्प्लिट्सविला 8’ में हिस्सा लिया. हालांकि इस बार वह शो के विजेता नहीं बन पाए, लेकिन उनकी लोकप्रियता पहले से ज्यादा बढ़ गई. इस शो ने उन्हें दर्शकों के बीच और मजबूत पहचान दिलाई.

रियलिटी शो के बाद पारस ने टीवी सीरियल्स की दुनिया में भी अपनी जगह बनाई. उन्होंने ‘बढ़ो बहू’ में तेजिंदर सिंह का किरदार निभाया. इसके बाद वह ‘आरंभ’, ‘कलीरें’, ‘कर्ण संगिनी’ और ‘अघोरी’ जैसे सीरियल्स में नजर आए. उन्होंने साल 2019 में आए शो ‘विघ्नहर्ता गणेश’ में रावण का किरदार निभाया, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया. इस भूमिका ने उन्हें एक अलग पहचान दिलाई.

साल 2019 में पारस छाबड़ा ने टीवी के सबसे चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 13’ में हिस्सा लिया. वह शो के फाइनलिस्ट में शामिल रहे और टॉप 6 तक पहुंचे. उन्होंने शो के दौरान मिलने वाले 10 लाख रुपए के कैश प्राइज को चुनकर बाहर आने का फैसला किया.

पारस ने फिल्मों में भी अपनी किस्मत आजमाई. साल 2014 में वह फिल्म ‘एम3-मिडसमर मिडनाइट Mumbai ’ में नजर आए थे. हालांकि फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर खास सफलता नहीं मिली. इसके अलावा वह कई म्यूजिक वीडियो का भी हिस्सा रहे हैं.

करियर के साथ-साथ पारस की निजी जिंदगी भी अक्सर चर्चा में रही. उनका नाम कई अभिनेत्रियों के साथ जुड़ा, जिनमें आकांक्षा पुरी और माहिरा शर्मा शामिल हैं. ‘बिग बॉस 13’ में माहिरा शर्मा के साथ उनकी दोस्ती काफी सुर्खियों में रही.

आज पारस छाबड़ा टीवी के साथ-साथ डिजिटल दुनिया में भी सक्रिय हैं. वह अपना पॉडकास्ट ‘आबरा का डाबरा पारस छाबड़ा’ चलाते हैं, जिसमें वह टीवी और रियलिटी शो से जुड़े सितारों से बातचीत करते हैं.

पीके/एबीएम

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.