लखनऊ। बसपा सुप्रीमों एवं पूर्व मुख्ययमंत्री मायावती ने समर्थकों को सजग करते हुए कहा कि समस्याओं के हल के लिए बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव आंबेडकर के बताए गये सही एवं शांतिपूर्ण रास्ते पर चलें । एकता और वोट की ताकत से सत्ता की मास्टर चाबी प्राप्त करें। साथ ही उन्होंने कानून के दायरे में रहकर हितों की लड़ाई लड़ने का सुझाव दिया।
बसपा मुख्यालय पर शुक्रवार को पत्रकारों से बात चीत करते हुए मायावती ने कहा कि सत्ता की मास्टर चाबी प्राप्त करने के लिए बसपा लगातार प्रयास करती है और ऐसे सभी संगठनों और दलों से हर चुनाव में जरूर सचेत रहना है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने काबिलियत, बुद्धिमत्ता और सूझबूझ से तथा जातिवादी लोगों के हथकंडों को ध्यान में रखकर अनुसूचित जाति, पीड़ित व कमजोर वर्ग के लोगों को अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए वोट की अति महत्वपूर्ण ताकत के बल पर अनेक कानूनी और मूलभूत संवैधानिक अधिकार दिलाए हैं।
इसका लाभ लेने के लिए केन्द्र और राज्यों की सत्ता की मास्टर चाबी अपने हाथों में लेनी होगी। किसी भी मामले पर उत्तेजित होकर सड़क पर उतरकर आंदोलन न करने और दूसरे दलों से सावधान रहने का आह्वान भी किया। इस पर अमल करते हुए कांशीराम ने बसपा का गठन किया। यदि मामला अदालत में जाता है तो निचली अदालत में इंसाफ न मिले तो फिर आगे सर्वोच्च अदालत में जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए आये दिन राज्यों में सड़कों पर उतरकर बवाल करने वालों की तरह सड़क पर बवाल नहीं करना है। अपनी वोट की ताकत से सत्ता की मास्टर चाबी प्राप्त करना होगा।