कंटेनर जहाज में लगी आग, एक क्रू मेंबर लापता
CENTCOM ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा कि जहाज पर हुए हमले के बाद उसमें भीषण आग लग गई और इंजन रूम को गंभीर नुकसान पहुंचा। घटना के बाद जहाज अपनी यात्रा जारी रखने की स्थिति में नहीं है। अमेरिका के मुताबिक हमले के बाद एक नागरिक क्रू मेंबर लापता है, जिसकी तलाश जारी है। अमेरिका बोला- ईरान को पहले भी चेतावनी दी थी CENTCOM ने कहा कि ईरान को पहले भी अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा समझौतों का पालन करने का अवसर दिया गया था, लेकिन उसने फिर से व्यावसायिक जहाजों पर हमला किया।
बयान में कहा गया कि अमेरिका नागरिक नाविकों और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ईरान की सैन्य क्षमताओं को निशाना बना रहा है। यह कार्रवाई अमेरिकी राष्ट्रपति के निर्देश पर की जा रही है। दक्षिणी ईरान में कई धमाके
इस बीच ईरान की Mehr News Agency के अनुसार क़ेश्म द्वीप (Qeshm Island) पर कई विस्फोटों की आवाज़ें सुनी गईं। सरकारी प्रसारक IRIB ने बताया कि बंदर अब्बास में तीन और सिरिक में दो विस्फोट हुए हैं, जिससे दक्षिणी ईरान में नए सैन्य हमलों की आशंका जताई जा रही है।
इससे पहले IRGC ने घोषणा की थी कि होर्मुज जलडमरूमध्य को अगली सूचना तक बंद रखा जाएगा। IRGC के बयान के अनुसार, जब तक अमेरिका पश्चिम एशिया में अपने "हस्तक्षेप" को समाप्त नहीं करता, तब तक किसी भी जहाज को इस समुद्री मार्ग से गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
IRGC ने यह भी चेतावनी दी कि यदि इस स्थिति का इस्तेमाल ईरान के खिलाफ किसी नई सैन्य कार्रवाई के बहाने के रूप में किया गया, तो उसका कड़ा जवाब दिया जाएगा और क्षेत्र में मौजूद दुश्मन के अतिरिक्त सैन्य ठिकानों को भी निशाना बनाया जा सकता है। संगठन ने कहा कि इस संकट से उत्पन्न किसी भी परिणाम की जिम्मेदारी अमेरिका, इजराइल और उन देशों की होगी, जहां से ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान चलाए जाते हैं।