हार-हारकर भी टाइगर पटौदी और सुनील गावस्कर की कतार में आ खड़े हुए श्रेयस अय्यर, ऐसे पाई ये उपलब्धि
TV9 Bharatvarsh July 12, 2026 04:43 PM

Shreyas Iyer in Pataudi & Gavaskar List: श्रेयस अय्यर के लिए उनके कप्तानी करियर की शुरुआत तो बिल्कुल भी अच्छी नहीं हुई. वो मैच हार रहे हैं. सीरीज गंवान रहे हैं. 2 सीरीज खेल लेने के बाद भी अपनी कप्तानी में उन्हें एक मैच जीतने का इंतजार है. बतौर कप्तान उन्होंने अभी तक जीत का स्वाद नहीं चखा है. लगातार हार के बावजूद श्रेयस अय्यर ने अब एक खास क्लब में एंट्री ले ली है. उन्होंने कुछ वैसी उपलब्धि हासिल की है, जो टाइगर पटौदी यानी मंसूर अली खान पटौदी और सुनील गावस्कर भी बतौर कप्तान हासिल कर चुके हैं.

पटौदी-गावस्कर की लिस्ट में कैसे शामिल हुए अय्यर?

अब आप सोच रहे होंगे कि श्रेयस अय्यर ने टाइगर पटौदी और सुनील गावस्कर के जैसा, ऐसा क्या कर दिया है? अय्यर के पटौदी और गावस्कर के क्लब में जुड़ने का मामला उनकी कप्तानी में टीम इंडिया को T20I में मिली लगातार हार से जुड़ा है. श्रेयस अय्यर T20I में लगातार सबसे ज्यादा मुकाबले गंवाने वाले कप्तान बन गए हैं. उन्होंने आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरे पर कुल 6 T20I मुकाबले लगातार गंवाए.

टेस्ट में पटौदी के तो वनडे में गावस्कर के नामरिकॉर्ड

T20I में श्रेयस अय्यर से पहले यही रिकॉर्ड भारतीय क्रिकेट में टेस्ट में मंसूर अली खान पटौदी और वनडे में सुनील गावस्कर के साथ जुड़ा है. मंसूर अली खान पटौदी ने टीम इंडिया के टेस्ट कप्तान के तौर पर 1967-68 के बीच लगातार 6 टेस्ट गंवाए थे, जो कि भारतीय रिकॉर्ड है. ठीक वैसे ही वनडे में ये रिकॉर्ड सुनील गावस्कर के नाम है, जिनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने 1981 में लगातार 6 मैच गंवाए थे.

श्रेयस अय्यर का जिम्बाब्वे में होगा अगला इम्तिहान

टाइगर पटौदी और सुनील गावस्कर की हार का सिलसिला तो फिर भी थम गया था. लेकिन, श्रेयस अय्यर का लगातार 6 हार पर ही थमेगा फिलहाल कहा नहीं जा सकता. टीम इंडिया को अगली T20 सीरीज जिम्बाब्वे दौरे पर खेलनी है, जहां जीत की उम्मीद तो की जा सकती है. मगर आयरलैंड में हुए हश्र को देखने के बाद ये भी सच है कि जिम्बाब्वे के खिलाफ उम्मीद को नाप-तौल कर ही पालना होगा. जिम्बाब्वे को टीम इंडिया उसकी जमीन पर कमजोर समझने की भूल नहीं कर सकती.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.