Astrology Effects of Venus Change: ज्योतिष शास्त्र में ग्रहों के राशि परिवर्तन के साथ-साथ उनका नक्षत्र परिवर्तन भी बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है. सुख, वैभव, सौंदर्य और भौतिक सुख-सुविधाओं के प्रदाता शुक्र देव जल्द ही अपना नक्षत्र बदलने जा रहे हैं. पंचांग के अनुसार, आगामी 29 जुलाई को सुबह 4 बजकर 56 मिनट पर शुक्र ग्रह पूर्वा फाल्गुनी नक्षत्र से निकलकर उत्तरा फाल्गुनी नक्षत्र में प्रवेश करेंगे. शुक्र की यह स्थिति 11 अगस्त तक रहने वाली है. ज्योतिषीय गणनाओं के अनुसार, शुक्र का यह नक्षत्र परिवर्तन कुछ राशियों के लिए बेहद शुभ साबित होने वाला है, खासकर 3 राशियों के लिए राजयोग जैसे सुखद संयोग बन रहे हैं. आइए जानते हैं कि आखिर ये पूर्वा फाल्गुनी और उत्तरा फाल्गुनी नक्षत्र क्या होते हैं और किन राशियों की किस्मत चमकने वाली है.
क्या होता है पूर्वा फाल्गुनी नक्षत्र?पूर्वा फाल्गुनी नक्षत्र सिंह राशि में स्थित होता है और इसका स्वामी शुक्र ग्रह माना जाता है. यह नक्षत्र आनंद, प्रेम, रचनात्मकता, कला, मनोरंजन, आकर्षण और जीवन के सुखद पक्षों का प्रतीक माना जाता है. ज्योतिष के अनुसार जिन लोगों पर इस नक्षत्र का प्रभाव अधिक होता है, वे स्वभाव से मिलनसार, कलात्मक, रचनात्मक और जीवन का आनंद लेने वाले होते हैं. यह नक्षत्र विवाह, प्रेम संबंध, संगीत, फैशन, अभिनय और रचनात्मक कार्यों के लिए शुभ माना जाता है.
क्या होता है उत्तरा फाल्गुनी नक्षत्र?उत्तरा फाल्गुनी नक्षत्र का स्वामी सूर्य माना जाता है. यह नक्षत्र सिंह और कन्या राशि के बीच फैला होता है. इसे जिम्मेदारी, स्थिरता, सम्मान, सामाजिक प्रतिष्ठा, साझेदारी और लंबे समय तक चलने वाले संबंधों का प्रतीक माना जाता है. ज्योतिष शास्त्र के अनुसार यह नक्षत्र व्यक्ति को नेतृत्व क्षमता, मेहनत, ईमानदारी और समाज में सम्मान दिलाने वाला माना जाता है. इस नक्षत्र का संबंध स्थायी सफलता, नौकरी, व्यवसाय और पारिवारिक जिम्मेदारियों से भी जोड़ा जाता है.
शुक्र के इस गोचर का क्या रहेगा प्रभाव?जब शुक्र पूर्वा फाल्गुनी से निकलकर उत्तरा फाल्गुनी में प्रवेश करते हैं, तब जीवन में केवल सुख-सुविधाओं पर ही नहीं बल्कि स्थिरता, जिम्मेदारी और दीर्घकालिक सफलता पर भी जोर बढ़ता है. इस दौरान कई लोगों को करियर में नए अवसर, आर्थिक लाभ, रिश्तों में मजबूती और नए समझौते मिलने की संभावना बन सकती है.
इन 3 राशियों के लिए बन सकते हैं शुभ योग! वृषभ राशिशुक्र आपकी राशि के स्वामी ग्रह हैं. ऐसे में यह नक्षत्र परिवर्तन आपके लिए काफी शुभ माना जा रहा है. नौकरी में नई जिम्मेदारी मिल सकती है. व्यापार में लाभ बढ़ने के संकेत हैं. रुका हुआ धन वापस मिलने की संभावना रहेगी. परिवार में खुशियां आएंगी और वैवाहिक जीवन भी बेहतर हो सकता है.
सिंह राशिसिंह राशि वालों के लिए यह गोचर आत्मविश्वास और सम्मान में इजाफा कराने वाला माना जा रहा है. करियर में तरक्की के नए अवसर मिल सकते हैं. सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ सकती है. जो लोग नया काम शुरू करना चाहते हैं, उन्हें भी अच्छा समय मिल सकता है. आर्थिक स्थिति पहले से मजबूत होने के संकेत हैं.
मकर राशिमकर राशि के जातकों के लिए शुक्र का यह नक्षत्र परिवर्तन धन और करियर के लिहाज से अच्छा माना जा रहा है. नौकरी में तरक्की या नई जिम्मेदारी मिलने की संभावना है. व्यापार में नए ग्राहकों से लाभ मिल सकता है. निवेश से भी अच्छे परिणाम मिलने के योग बन सकते हैं. परिवार में सुख-शांति बनी रह सकती है.
ये भी पढ़ें: Yogini Dasha: योगिनी दशा क्या है ? जानिए कैसे बदलती है जीवन की दिशा और दशा
Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है.