फॉर्च्यूनर-थार से क्रेटा तक… फर्जी RC और नंबर प्लेट से बेचते… दिल्ली में लग्जरी कार चोरी गैंग का पर्दाफाश
TV9 Bharatvarsh July 12, 2026 10:43 PM

Delhi News: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन एंड किडनैपिंग सेल ने लग्जरी कार चोरी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस कार्रवाई में पुलिस ने चोरी की गाड़ियों को खरीदकर आगे बेचने वाले पंजाब और राजस्थान के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनके कब्जे से 12 हाई-एंड लग्जरी गाड़ियां बरामद हुई हैं, जिन पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थीं और उनके फर्जी रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट भी तैयार किए गए थे. कई गाड़ियों के इंजन और चेसिस नंबर से भी छेड़छाड़ की गई थी.

क्राइम ब्रांच के मुताबिक, दिल्ली में लगातार बढ़ रही लग्जरी कार चोरी की घटनाओं को देखते हुए AEKC की एक विशेष टीम बनाई गई थी. टीम ने कई मामलों के CCTV फुटेज, चोरी का तरीका और समय का विश्लेषण किया. जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य ज्यादातर देर रात लग्जरी गाड़ियों को निशाना बनाते थे और कुछ ही मिनटों में कार का लॉक खोलकर उसे लेकर फरार हो जाते थे. मुखबिरों से मिली सूचना और लगातार निगरानी के बाद पुलिस इस गिरोह तक पहुंची.

दो आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली क्राइम ब्रांच की जांच के दौरान सबसे पहले पंजाब के तरनतारन निवासी गुरविंदर सिंह बैंका को पूर्वी दिल्ली के क्राउन प्लाजा होटल के पीछे MCD पार्किंग से गिरफ्तार किया गया. उसके कब्जे से चोरी की एक क्रेटा कार बरामद हुई, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी. जांच में पता चला कि कार दिल्ली के प्रशांत विहार इलाके से चोरी हुई थी. पुलिस को आरोपी के पास से फर्जी RC भी मिली.

पूछताछ में गुरविंदर ने खुलासा किया कि वह चोरी की गाड़ियां पंजाब में अमृतसर और लुधियाना समेत कई इलाकों में बेचता था. उसने बताया कि उसे ये गाड़ियां राजस्थान के बीकानेर निवासी दशरथ बिश्नोई उपलब्ध कराता था. इसके बाद पुलिस ने राजस्थान में छापेमारी कर दशरथ बिश्नोई को भी गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ और पुलिस रिमांड के दौरान दोनों आरोपियों की निशानदेही पर कई और चोरी की गाड़ियां बरामद की गईं.

लग्जरी गाड़ियों को बनाते थे शिकार

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी फॉर्च्यूनर, थार, क्रेटा, किआ, इनोवा, ब्रेजा, स्विफ्ट डिजायर, टाटा हैरियर और अल्काजार जैसी महंगी गाड़ियां मात्र 4 से 5 लाख रुपये में खरीदते थे. इसके बाद इंजन और चेसिस नंबर से छेड़छाड़ कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए जाते थे और गाड़ियों को असली बताकर पंजाब और राजस्थान में बेच दिया जाता था.

क्राइम ब्रांच ने इस कार्रवाई में 12 हाई-एंड लग्जरी गाड़ियां, फर्जी नंबर प्लेट और फर्जी रजिस्ट्रेशन दस्तावेज जब्त किए हैं. पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से दिल्ली, पंजाब और राजस्थान में सक्रिय चोरी की गाड़ियों के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है. फिलहाल दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं. पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों, वाहन चुराने वाले मुख्य आरोपियों और चोरी की अन्य गाड़ियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.