DU PG Admission: तीसरे राउंड की सीट अलॉटमेंट लिस्ट जारी, एडमिशन से पहले जान लें ये जरूरी बातें
TV9 Bharatvarsh July 12, 2026 11:43 PM

दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने एकेडमिक सेशन 2026-27 में स्नातकोत्तर (PG) एडमिशन के लिए एक अहम अपडेट जारी किया है. कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS PG) के तहत तीसरे चरण के न्यूनतम सीट आवंटन अंक (Minimum Allocation Scores) जारी कर दिए गए हैं. अब अभ्यर्थी आधिकारिक एडमिशन पोर्टल पर जाकर अपने कोर्स और कैटेगरी के अनुसार आवंटन नंबर देख सकते हैं. विश्वविद्यालय ने साफ किया है कि ये नंबर फाइनल कट-ऑफ नहीं हैं और आगे के राउंड में इनमें बदलाव संभव है. इसलिए उम्मीदवारों को समय-समय पर पोर्टल पर जारी होने वाले नए अपडेट पर नजर बनाए रखनी चाहिए.

ये अंक प्रोग्राम और कैटेगरी के अनुसार अलग-अलग जारी किए गए हैं, ताकि उम्मीदवार यह समझ सकें कि तीसरे राउंड में किस स्कोर पर सीट आवंटित हुई है. विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि यह केवल वर्तमान चरण के आवंटन का रिकॉर्ड है, इसे अंतिम कट-ऑफ नहीं माना जाएगा. अगर आगे सीटें खाली होती हैं या किसी अन्य कारण से बदलाव होता है तो अगले चरणों में आवंटन अंक भी बदल सकते हैं.

ऐसे डाउनलोड करें PDF

उम्मीदवार दिल्ली विश्वविद्यालय के आधिकारिक प्रवेश पोर्टल पर जाकर ‘दो वर्षीय PG प्रवेश 2026-27’ सेक्शन में उपलब्ध ‘PG Round 3 Minimum Allocation Score’ लिंक पर क्लिक करके PDF डाउनलोड कर सकते हैं. इस डॉक्यूमेंट में कोर्स का नाम, संबंधित कॉलेज या विभाग, प्रवेश श्रेणी, तीसरे राउंड का न्यूनतम आवंटन स्कोर और अन्य जरूरी निर्देश दिए गए हैं.

विश्वविद्यालय के अनुसार, सीट आवंटन एलिजिबिलिटी, मेरिट, आरक्षण नियम, सीटों की उपलब्धता और टाई-ब्रेकिंग नियमों के आधार पर किया जाता है. साथ ही सीट वापस लेने, अपग्रेड, डॉक्यूमेंट सुधार या अन्य प्रशासनिक कारणों से आवंटन स्कोर में बदलाव भी हो सकता है.

इन बातों का रखें ध्यान

फाइनल एडमिशन तभी मान्य होगा, जब डॉक्यूमेंट वेरीफिकेशन और सभी एलिजिबिलिटी शर्तें पूरी हो जाएंगी. अगर किसी उम्मीदवार को आवंटन विवरण में कोई गलती दिखाई देती है तो उसे तुरंत विश्वविद्यालय के एडमिशन विभाग से संपर्क करना चाहिए.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.