उत्तर प्रदेश में आंगनवाड़ी भर्ती का इंतजार कर रही महिलाओं के लिए अच्छी खबर है. राज्य के कई नए जिलों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के पदों पर आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. आगरा, मथुरा, मैनपुरी, देवरिया, संभल, औरैया, श्रावस्ती और चंदौली समेत आठ जिलों के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी हो चुका है. इच्छुक 12वीं पास महिला अभ्यर्थी निर्धारित लास्ट डेट तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं. हर जिले के लिए आवेदन की आखिरी तारीख अलग-अलग तय की गई है, इसलिए उम्मीदवारों को अपने जिले की लास्ट डेट देखकर समय रहते आवेदन पूरा करना होगा.
कौन कर सकता है आवेदन?इस भर्ती में केवल महिला अभ्यर्थी आवेदन कर सकती हैं. उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है. ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट महिलाएं भी आवेदन करने के लिए एलिजिबल हैं. अभ्यर्थी की आयु 1 जुलाई 2026 के आधार पर 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए. साथ ही, जिस ग्राम सभा या शहरी वार्ड से आवेदन किया जा रहा है, उसी क्षेत्र की निवासी होना अनिवार्य है.
कैसे होगा चयन?चयन पूरी तरह मेरिट के आधार पर किया जाएगा. मेरिट लिस्ट 12वीं या उससे ज्यादा एजुकेशनल क्वालिफिकेशन में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार होगी. 10वीं के अंकों को इसमें शामिल नहीं किया जाएगा. अगर किसी अभ्यर्थी के अंक सीजीपीए या ग्रेडिंग प्रणाली में हैं, तो उन्हें निर्धारित नियमों के अनुसार प्रतिशत में बदला जाएगा.
आवेदन के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट्सआवेदन करते समय आधार कार्ड, पहचान पत्र, 10वीं और 12वीं की मार्कशीट, उच्च शैक्षणिक प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), मूल निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और जरूरत होने पर विधवा प्रमाण पत्र अपलोड करना होगा.
ऑनलाइन आवेदन के लिए प्रक्रियाऑनलाइन आवेदन के लिए पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर नया रजिस्ट्रेशन करना होगा. इसके बाद लॉगइन कर व्यक्तिगत जानकारी, एजुकेशनल डिटेल्स और जरूरी डॉक्यूमेंट अपलोड करने होंगे. सभी जानकारी डॉक्यूमेंट्स के अनुसार सही भरना जरूरी है, क्योंकि गलत जानकारी मिलने पर आवेदन निरस्त किया जा सकता है. आवेदन जमा करने के बाद उसका प्रिंट सुरक्षित रखें. भर्ती से जुड़ी मेरिट लिस्ट और आगे की सभी जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर ही जारी की जाएगी.