प्लास्टिक सर्जरी और कॉस्मेटिक सर्जरी में क्या फर्क? लोग हो जाते हैं कंफ्यूज, ऐसे समझें
TV9 Bharatvarsh July 15, 2026 09:43 PM

प्लास्टिक सर्जरी का भारत में ट्रेंड बना हुआ है. एक समय था जब फिल्मी सितारे ही इसे करवाते थे. आजकल आम लोग भी इसे करवाते हैं, पर आज भी इसको लेकर अलग-अलग तरह की कंफ्यून या मिथक बने रहते हैं. दरअसल, जब भी किसी के चेहरे या शरीर में बदलाव लाने वाली सर्जरी की बात होती है, तो ज्यादातर लोग प्लास्टिक सर्जरी और कॉस्मेटिक सर्जरी को एक ही समझ लेते हैं.

हालांकि, दोनों का उद्देश्य और इस्तेमाल अलग-अलग होता है. दोनों सर्जरी इस फील्ड के एक्सपर्ट्स के द्वारा की जाती हैं. लेकिन इनके पीछे की जरूरत और लक्ष्य अलग होते हैं. आइए आसान भाषा में समझते हैं कि दोनों में क्या अंतर है.

क्या होती है प्लास्टिक सर्जरी?

डॉ. चिरायु परवाल (कंसल्टेंट प्लास्टिक सर्जरी विभाग, आकाश हेल्थकेयर) बताते हैं कि प्लास्टिक सर्जरी का मुख्य उद्देश्य शरीर के किसी हिस्से की मरम्मत करना या उसकी कार्यक्षमता और सामान्य बनावट को वापस लाना होता है. यह उन लोगों के लिए की जाती है, जिनका शरीर किसी दुर्घटना, जलने, जन्मजात विकार, संक्रमण या कैंसर की सर्जरी के कारण प्रभावित हुआ हो.

एग्जांपल के लिए

सड़क दुर्घटना में चेहरे की हड्डियां टूट जाना

जलने के बाद त्वचा खराब हो जाना

कटे हुए हाथ या उंगली की मरम्मत

जन्म से कटे होंठ या तालू (Cleft Lip and Palate)

स्तन कैंसर के बाद ब्रेस्ट रिकंस्ट्रक्शन

ऐसी सिचुएशन में प्लास्टिक सर्जरी मरीज की नॉर्मल लाइफ और कॉन्फिडेंस दोनों लौटाने में मदद करती है.

क्या होती है कॉस्मेटिक सर्जरी?

कॉस्मेटिक सर्जरी का उद्देश्य किसी व्यक्ति की दिखावट को बेहतर बनाना होता है. इसमें शरीर का कोई हिस्सा सामान्य रूप से काम कर रहा होता है, लेकिन व्यक्ति उसे ज्यादा अट्रैक्टिव या अपनी पसंद के अनुसार बदलना चाहता है.

कॉस्मेटिक सर्जरी के कुछ आम उदाहरण

नाक की शेप बदलना (Rhinoplasty)

फेसलिफ्ट

लिपोसक्शन

बोटॉक्स और फिलर्स

ब्रेस्ट का आकार बढ़ाना या कम करना

पलकों की सर्जरी (Blepharoplasty)

इस तरह की सर्जरी पूरी तरह व्यक्ति की इच्छा और सौंदर्य संबंधी जरूरत पर आधारित होती है.

दोनों में सबसे बड़ा अंतर क्या है?

दरअसल, प्लास्टिक सर्जरी जरूरत के लिए होती है. वहीं कॉस्मेटिक सर्जरी सुंदरता बढ़ाने के लिए होती है. हालांकि, कुछ प्रक्रियाएं ऐसी भी होती हैं जो दोनों लिस्ट में आ सकती हैं. उदाहरण के लिए, अगर किसी हादसे के बाद नाक की सर्जरी की जाती है तो वह प्लास्टिक (रिकंस्ट्रक्टिव) सर्जरी है, लेकिन सिर्फ नाक की शेप बेहतर करने के लिए सर्जरी कराई जाती है, तो वह कॉस्मेटिक कहलाती है.

क्या कॉस्मेटिक सर्जरी पूरी तरह सुरक्षित होती है?

हर सर्जरी की तरह कॉस्मेटिक सर्जरी में भी कुछ जोखिम होते हैं. इंफेक्शन, ब्लड का बहना, एनेस्थीसिया से जुड़ी समस्याएं, निशान (Scar) या मन मुताबिक रिजल्ट न मिलना जैसी मुश्किलें हो सकती हैं. इसलिए किसी भी प्रोसेस से पहले काबिल और अनुभवी प्लास्टिक सर्जन से सलाह लेना जरूरी है.

सर्जरी कराने से पहले किन बातों का रखें ध्यान?
  • सिर्फ बोर्ड-सर्टिफाइड और एक्सपीरियंस प्लास्टिक सर्जन से ही ट्रीटमेंट कराएं.
  • अपनी हेल्थ सिचुएशन और मेडिकल हिस्ट्री डॉक्टर को जरूर बताएं.
  • सोशल मीडिया या सेलिब्रिटी की तस्वीरों को देखकर अवास्तविक उम्मीदें न रखें.
  • सर्जरी के फायदे, जोखिम और रिकवरी के बारे में पहले अच्छी तरह समझ लें.
  • सर्जरी के बाद डॉक्टर द्वारा बताई गई सभी सावधानियों का पालन करें.
  • © Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.