शहनाज गिल और राघव जुयाल के अफेयर की खबरें पिछले काफी समय से गॉसिप गलियारों में छाई हुई हैं. हालांकि, दोनों में से किसी ने भी कभी अपने रिश्ते पर खुलकर मुहर नहीं लगाई है, लेकिन हाल ही में राघव जुयाल की बर्थडे पार्टी में दोनों एक-दूजे का हाथ थामे नजर आए, जिसके बाद इन अफवाहों को हवा मिल गई. अब इन अफवाहों और लगातार उठते सवालों के बीच शहनाज गिल ने आखिरकार अपनी चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने राघव के साथ अपने रिश्ते का सच बताया है.
शहनाज ने कहा- कोई पर्सनल सवाल नहीं
पिंकविला को दिए इंटरव्यू में शहनाज ने राघव को अपना 'बहुत अच्छा दोस्त' बताया है. जब शहनाज से राघव जुयाल को डेट करने को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने अपनी पर्सनल लाइफ पर बात करने से साफ इनकार कर दिया. 'किसी का भाई किसी की जान' एक्ट्रेस ने इस सवाल को टालते हुए कहा, 'पर्सनल सवाल मत पूछिए प्लीज.' इसके तुरंत बाद शहनाज ने बात का रुख राघव की आने वाली फिल्म 'भाई तेरा स्टार है' की तरफ मोड़ दिया.
View this post on Instagram
शहनाज गिल ने की राघव जुयाल की तारीफ
राघव को अपना बेस्ट फ्रेंड बताते हुए शहनाज ने कहा, 'मेरे दोस्त की फिल्म आ रही है 'भाई तेरा स्टार है'. आप प्लीज उसको सपोर्ट करो. वो मेरा बहुत अच्छा दोस्त है. उसकी फिल्म चलना बहुत जरूरी है. वो पहली बार मेन लीड के तौर पर आ रहा है, इसलिए लोगों को उसे सपोर्ट करना चाहिए. वो इस इंडस्ट्री से नहीं है, उसने जो कुछ भी मुकाम हासिल किया है, खुद के दम पर किया है. इसलिए प्लीज उसकी फिल्म देखने जाएं.'
जब सलमान खान ने दिया था रिश्ते का बड़ा हिंट
आपको बता दें कि राघव और शहनाज दोनों सलमान खान की फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' में एक साथ नजर आ चुके हैं. साल 2023 में फिल्म के प्रमोशन के दौरान सलमान खान ने अपने बयान से दोनों की डेटिंग की अफवाहों को हवा दी थी. सलमान ने कहा था, 'मैंने सेट पर दो लोगों के बीच केमिस्ट्री बनते देखी थी. लेकिन कुछ हुआ नहीं, कम से कम एक तरफ से तो नहीं. दूसरा काफी उत्सुक था.'
View this post on Instagram
जब राघव जुयाल ने किया था डेटिंग की खबरों से इनकार
हालांकि, बाद में राघव जुयाल ने इस पर सफाई देते हुए कहा था कि सलमान खान ने केवल उनके और शहनाज के बीच एक मजाक किया था. टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए राघव ने कहा था, 'शहनाज और मैंने सिर्फ एक साथ फिल्म में काम किया है, बस इतना ही. को-स्टार्स को लेकर लोगों का सवाल पूछना आम बात है, लेकिन नहीं, हम एक-दूसरे को डेट नहीं कर रहे हैं. मैं सिंगल हूं. वो बस मेरी दोस्त है.'
'भाई तेरा स्टार है' में नजर आएंगे राघव जुयाल
वर्क फ्रंट की बात करें तो राघव जुयाल इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'भाई तेरा स्टार है' को लेकर चर्चा में हैं. फिल्म में संजय कपूर, चंदन रॉय सान्याल, निहारिका एन, निकी अनेजा वालिया और विकल्प मेहता जैसे एक्टर्स भी नजर आएंगे. ये फिल्म 30 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. इस फिल्म के डायरेक्टर विवेक बी अग्रवाल हैं. वहीं, शहनाज गिल जल्द ही पंजाबी फिल्म 'इश्कनामा' में नजर आएंगी. इस फिल्म के हीरो जय रंधावा हैं. ये फिल्म 24 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.