धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें, सोनम वांगचुक को बनाया जाए देश का शिक्षा मंत्री: अरविंद केजरीवाल
TV9 Bharatvarsh July 16, 2026 10:43 PM

सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर हैं. वो नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर ये स्ट्राइक कर रहे हैं, जिसका आज 19वां दिन है. आज विपक्ष के कई नेताओं ने उनसे मुलाकात की. इसमें आम आदमी पार्टी मुखिया अरविंद केजरीवाल, संजय सिंह, सौरभ भारद्वाज, सपा सांसद डिंपल यादव और किसान नेता राकेश टिकैत भी पहुंचे. इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें और सोनम वांगचुक को देश का केंद्रीय शिक्षा मंत्री बनाया जाए.

अरविंद केजरीवाल ने कहा, मैं सोनम वांगचुक को सलाम करता हूं. वो अपने लिए नहीं युवाओं के लिए पिछले 19 दिन से अनशन कर रहे हैं. हमारे देश में ऐसे बहुत से टीचर्स हैं, जब उन्होंने अपने-अपने राज्य से आवाज उठाई तो उनको गिरफ्तार कर लिया गया. उनकी आवाज को दबाया गया. मैं उन्हें भी सलाम करता हूं. मैं लद्दाख के लोगों को भी सलाम करता हूं.

‘पेपर लीक के बाद 30 बच्चों ने सुसाइड किया’

आम आदमी पार्टी मुखिया ने कहा कि कंपटेटिव एग्जाम छात्रों के लिए भविष्य का सपना होते हैं. मैंने भी IIT से पढ़ाई की है. मेरे और बच्चों के टाइम पर भी पेपर लीक नहीं होते थे. ये हर साल का सिस्टम बन गया है. हर साल पेपर लीक होता है. कमेटी बनती है और जांच होती है लेकिन होता कुछ नहीं है. फिर से पेपर लीक की तैयारी होती है. पेपर लीक के बाद 30 बच्चों ने सुसाइड किया, वो हमारे घरों के बच्चे थे.

उस सरकार को भी बहुत घमंड था, इसको भी है

केजरीवाल ने कहा कि ये इस पेपर लीक को युवा कब तक बर्दाश्त करे, ये सिस्टम बदलना पड़ेगा. मैं आते हुए सोच रहा था कि 4 अप्रैल 2011 का दिन था, जब यहां अन्ना आंदोलन हो रहा था. उस सरकार को भी बहुत घमंड था. आज 2026 है. आज की सरकार को भी बहुत घमंड है. मैं कहना चाहता हूं कि इनकी (सोनम वांगचुक) बात सुन लो वरना आपका भी वही हाल होगा, जो उनका 2014 में हुआ था. लोगों से अपील है की कि 20 जुलाई को सभी लोग जंतर-मंतर आएं और इस आंदोलन को सफल बनाएं.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.