LPL 2026: लंका प्रीमियर लीग के पहले ही मैच में दिखी भारत-पाक की टक्कर, पीयूष चावला ने ऐसे लिया बदला
TV9 Bharatvarsh July 18, 2026 10:42 AM

Mohammad Nawaz vs Piyush Chawla, Lanka Premier League 2026: लंका प्रीमियर लीग (LPL 2026) के छठे सीजन का आगाज काफी रोमांचक और धमाकेदार अंदाज में हुआ. कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड पर खेले गए सीजन के पहले ही मुकाबले में फैंस को भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बीच एक दिलचस्प मिनी महामुकाबला देखने को मिला. इस टी20 लीग में जहां पाकिस्तान के स्टार ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज गाले गैलेंट्स की टीम की तरफ से खेल रहे हैं, वहीं भारत के पूर्व लेग स्पिनर पीयूष चावला जाफना किंग्स की जर्सी में मैदान पर उतरे. मैच में जब इन दोनों दिग्गजों का आमना-सामना हुआ, तो मुकाबले का रोमांच काफी बढ़ गया.

मोहम्मद नवाज पर भारी पड़े पीयूष चावला

इस मुकाबले में जाफना किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. वहीं, गाले गैलेंट्स की पारी का 20वां और आखिरी ओवर जाफना किंग्स की तरफ से पीयूष चावला डालने आए. क्रीज पर पाकिस्तान के बाएं हाथ के बल्लेबाज मोहम्मद नवाज मौजूद थे. नवाज ने भारतीय स्पिनर पर काउंटर अटैक करते हुए उनके इस ओवर में 3 गगनचुंबी छक्के जड़ दिए, जिसने गाले की टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचा दिया.

भले ही मोहम्मद नवाज ने चावला की गेंदों पर लंबे-लंबे शॉट्स लगाए, लेकिन भारतीय गेंदबाज ने हिम्मत नहीं हारी और ओवर की आखिरी गेंद पर नवाज को डेविड वीजे के हाथों कैच कराकर पवेलियन का रास्ता दिखाया और अपना बदला पूरा किया. इस मुकाबले में पीयूष चावला ने अपने 4 ओवर के कोटे में 43 रन खर्च किए और 2 अहम विकेट चटकाए.

गाले गैलेंट्स ने जीता पहला मुकाबला

अगर मैच की बात करें तो गाले गैलेंट्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान चरित असलंका की 65 रनों की शानदार पारी और अंत में दासुन शनाका के नाबाद 31 और मोहम्मद नवाज के 21 रन के कैमियो की बदौलत 20 ओवर में 213 का विशाल स्कोर खड़ा किया. जवाब में जाफना किंग्स की टीम 20 ओवर भी पूरे नहीं खेल सकी और 19.4 ओवर में 177 रनों पर ही ढेर हो गई. गाले गैलेंट्स के गेंदबाज इशान मलिंगा ने घातक गेंदबाजी करते हुए 26 रन देकर 4 विकेट झटके, जिसकी बदौलत गाले गैलेंट्स ने इस पहले ही मैच को 36 रनों के बड़े अंतर से जीतकर टूर्नामेंट में अपना विजयी आगाज किया.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.