सर्पदंश की कहानी में झोल
मृतक 35 वर्षीय अतुल पंवार अपनी पत्नी दामिनी के साथ हस्तिनापुर के रामलीला मैदान के पास कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल संचालित करते थे। दोनों ने वर्ष 2019 में प्रेम विवाह किया था और हंसी-खुशी के साथ स्कूल परिसर में ही रह रहें थे। शुक्रवार सुबह दामिनी ने पति को सांप काटने की सूचना परिवार को दी। आनन-फानन में अतुल को सीएचसी हस्तिनापुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बिस्तर में सांप मिलने से इसे हादसा माना जा रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया तो सर्पदंश की कहानी में झोल नजर आया।
पूछताछ में हत्या की साजिश का खुलासा
जब परिजनों ने मौत पर संदेह जताया तो पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि सांप का व्यवहार शर्मीला होता है, इसलिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर स्वाट टीम देहात और थाना हस्तिनापुर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की। एस एस पी अविनाश पांडे के मुताबिक अतुल की पत्नी दामिनी के मोबाइल की जांच- पड़ताल की तो उनके स्कूल के ड्राइवर तुषार उर्फ निक्की से लगातार संपर्क होने की जानकारी मिली। पूछताछ में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने और अतुल की हत्या की साजिश रचने का खुलासा हुआ। ALSO READ: UP Bahraich Crocodile Attack : बहराइच में दर्दनाक हादसा, घाघरा नदी किनारे गए 12 साल के बच्चे को मगरमच्छ खींच ले गया, घंटों बाद मिला शव
दूध में नींद की गोलियों की अधिक मात्रा दी गई
पुलिस का दावा है कि घटना वाली रात अतुल को दूध में नींद की गोलियों की अधिक मात्रा दी गई। सोनू और उदय नाम के सपेरे से जहरीला सांप खरीदा गया और उसे अतुल की चादर में छोड़ दिया गया। सांप के डसने से उसकी मौत हो गई। दामिनी पटकथा के मुताबिक शुक्रवार की सुबह अतुल को जगाने का प्रयास किया और जब वह उठा नही तो चादर हटाई, जिसके बाद सांप के काटने का शोर मचा दिया।
20 लाख के बीमे पर थी नजर
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अतुल स्कूल खोलने से पहले एक प्रकाशन कंपनी में नौकरी करता था, उसके नाम करीब 20 लाख रुपये का बीमा था। बीमे की राशि हड़पने के लिए दामिनी ने प्रेमी तुषार के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटा दिया। पुलिस के अनुसार, बीमा राशि में से पांच लाख रुपये साजिश में शामिल दो सहयोगियों को देने की बात तय हुई थी।