नौकरी से रिजाइन, ₹1 लाख महीने का फ्लैट, रात ढाई बजे मंदिर जाना… देवी की मूर्ति लेकर झील में क्यों कूदी? हैदराबाद में इंजीनियर की मौत बनी पहेली
TV9 Bharatvarsh July 20, 2026 11:43 AM

Hyderabad Engineer Death: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. 25 साल के सॉफ्टवेयर इंजीनियर तेजस्विनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पुलिस के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी हैरान कर दिया है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवती आधी रात को घर से बिना कपड़ों में निकली, एक मंदिर में पहुंची, वहां से देवी की मूर्ति उठाई और उसे लेकर पास की झील में छलांग लगा दी. पुलिस ने युवती का शव बरामद कर लिया है, लेकिन देवी की प्रतिमा अब तक नहीं मिल सकी है.

पुलिस के अनुसार, तेजस्विनी आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के देवपल्ली की रहने वाली थीं. उनके पिता वक्कुलगड्डी ईश्वर राव और मां अरुणा हैं. वह पहले बेंगलुरु में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करती थीं, लेकिन नौकरी के दौरान मानसिक दबाव का सामना करने के कारण करीब छह महीने पहले उन्होंने इस्तीफा दे दिया था. इसके बाद वह विशाखापट्टनम चली गईं और लगभग दो महीने पहले अपनी मां के साथ हैदराबाद के पीरजादीगुडा स्थित शंकर नगर कॉलोनी में किराये के मकान में रहने लगी थीं.

बिना कपड़ों के मंदिर पहुंची

जांच में पता चला है कि शुक्रवार देर रात करीब 2:30 बजे तेजस्विनी उठीं और अपनी मां के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया. इसके बाद उन्होंने अपने सभी कपड़े घर में ही छोड़ दिए और नग्न अवस्था में पास के मंदिर पहुंच गईं. वहां से देवी की प्रतिमा उठाकर सीधे नजदीकी झील की ओर गईं और प्रतिमा के साथ पानी में छलांग लगा दी.

पुलिस को मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मिली है, जिसमें तेजस्विनी मंदिर में प्रवेश करती और वहां से बाहर निकलती दिखाई दे रही हैं. इसके आधार पर पुलिस घटना की हर कड़ी की जांच कर रही है. फिलहाल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (DRF) की टीम नावों और विशेष उपकरणों की मदद से झील में देवी की प्रतिमा की तलाश कर रही है. पुलिस का मानना है कि यह प्रतिमा जांच का महत्वपूर्ण साक्ष्य हो सकती है.

पुलिस ने तेजस्विनी की मां अरुणा से पूछताछ की है. साथ ही, घटनास्थल से मिले कथित सुसाइड नोट को भी कब्जे में लेकर उसकी जांच की जा रही है. इसके अलावा युवती के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड, बैंक लेनदेन और अन्य डिजिटल गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके.

फ्लैट के हर दिन का किराया 3,500 रुपये

जांच में यह भी सामने आया है कि जिस फ्लैट में तेजस्विनी रह रही थीं, उसका हर दिन का किराया करीब 3,500 रुपये था, यानी हर महीने लगभग एक लाख रुपये का भुगतान किया जा रहा था. पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि इमारत की ऊपरी दो मंजिलों का कथित तौर पर लॉज की तरह अवैध संचालन किया जा रहा था. ऐसे में पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं इस रहस्यमयी मौत का संबंध इमारत के मालिक या वहां ठहरे अन्य लोगों से तो नहीं है. फिलहाल पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.