7 मिनट के रोल ने बदली अमृता राव की किस्मत, बताया कैसे मिला 'विवाह' में लीड रोल
आईएएनएस July 22, 2026 08:12 AM

एक्ट्रेस अमृता राव फिल्म 'विवाह' में पूनम के किरदार से आज भी दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाए हुए हैं. एक्ट्रेस ने मीडिया के साथ हुई बातचीत में बताया कि डायरेक्टर सूरज बड़जात्या ने उन्हें फिल्म 'द लीजेंड ऑफ भगत सिंह' में उनके छोटे से रोल को देखकर 'विवाह' के लिए चुना था.

लेकिन क्या आप जानते हैं कि महज 7 मिनट के उस छोटे से रोल ने उनकी किस्मत बदल दी थी? उस समय अमृता को भी बिल्कुल उम्मीद नहीं थी कि यही किरदार उन्हें बॉलीवुड की सबसे यादगार फिल्मों में से एक 'विवाह' तक पहुंचा देगा. आइए जानते हैं आखिर सूरज बड़जात्या ने अमृता राव में ऐसा क्या देखा, जिसने उन्हें 'पूनम' के किरदार के लिए चुन लिया.

जींस पहनकर पहुंचीं पहली मुलाकात में

अमृता ने बताया कि जब वे पहली बार सूरज बड़जात्या से मिलने गईं, तब उन्होंने जींस और टी-शर्ट पहन रखी थी. उन्हें नहीं पता था कि डायरेक्टर उन्हें छोटे शहर की सीधी-सादी लड़की 'पूनम' के रोल के लिए देख रहे हैं.

 
 
 
 
 
View this post on Instagram
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by AMRITA RAO 🇮🇳 (@amrita_rao_insta)

ये भी पढे़ं: 'सालों से अलग रह रहे हैं...', संजीव सेठ संग अलग होने पर लता सभरवाल ने दिया बड़ा बयान, रिश्ते को लेकर बताई सच्चाई

उन्होंने फिल्म के डायरेक्टर सूरज बड़जात्या के साथ पहली मुलाकात का किस्सा याद करते हुए कहा, 'जब मैं, पहली बार उनसे मिली थी, तो मुझे पता नहीं था कि उन्हें मुझसे क्या उम्मीदें हैं और किस रूप में देखना चाहते हैं. इसलिए मैं एक मॉडर्न मुंबई की लड़की की तरह जींस और टी-शर्ट पहनकर उनसे मिलने पहुंची. लेकिन, वहां जाकर पता चला कि वे मुझे 'मधुपुर' की एक सीधी-सादी छोटे शहर की लड़की 'पूनम' का रोल निभाने के लिए देना चाहते हैं.'

क्यों सूरज बड़जात्या की बात नहीं भूलीं?

उन्होंने आगे बताया, 'एक बात, मैं सच में कभी नहीं भूलूंगी कि सूरज जी ने मुझसे कहा था कि उन्हें मैं एक फिल्म में बहुत पसंद आई थी, तो उस पल मुझे लगा कि वे मेरी हिट फिल्मों की बात कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने बताया कि मैं उन्हें 'द लीजेंड ऑफ भगत सिंह' में पसंद आई थी. उस फिल्म में मेरा स्क्रीन टाइम मुश्किल से सात मिनट का था. ये बात मेरे लिए बेहद इमोशनल करने वाली थी, क्योंकि इतने छोटे से रोल ने भी सूरज बड़जात्या जैसे डायरेक्टर पर गहरी छाप छोड़ी थी.'

ये भी पढे़ं: सोनम वांगचुक विवाद के बीच सिनेमाघरों में लौट रही है आमिर खान की '3 इडियट्स', जानिए रिलीज डेट

सूरज बड़जात्या द्वारा डायरेक्टेड फिल्म 'विवाह' में अमृता राव और शाहिद कपूर मुख्य किरदार में नजर आए थे. फिल्म में पूनम की सादगी और मासूमियत ने दर्शकों के दिलों में गहरी छाप छोड़ी थी, जो आज भी बरकरार है.

महज 8 करोड़ रुपए के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड तोड़ते हुए भारी कमाई की और अमृता-शाहिद की जोड़ी रातोंरात घर-घर की पसंद बन गई थी.

राजश्री प्रोडक्शंस द्वारा प्रोड्यूस और डिस्ट्रीब्यूट की गई 'विवाह' के रोमांटिक सीन्स, डायलॉग्स और गानों का क्रेज सोशल मीडिया पर आज भी बरकरार है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.