उत्तराखंड रोडवेज का बड़ा तोहफा! बस से जाना होगा सस्ता, ये शर्त पूरी करते ही मिलेगा भारी डिस्काउंट
TV9 Bharatvarsh July 22, 2026 05:43 PM

Uttarakhand Roadways ticket discount: बसों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम (रोडवेज) ने बड़ी राहत देने की तैयारी की है. अब जो यात्री एक साथ आने-जाने यानी रिटर्न जर्नी का टिकट बुक करेंगे, उन्हें किराये में 10 फीसदी तक की छूट मिलेगी. इतना ही नहीं, ग्रुप में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए भी विशेष छूट की व्यवस्था की गई है. परिवहन निगम का मानना है कि इससे यात्रियों को सस्ता सफर मिलेगा और रोडवेज की आय में भी बढ़ोतरी होगी.

रोडवेज अधिकारियों के मुताबिक, यह नई व्यवस्था अगले महीने की पहली तारीख से लागू की जाएगी. योजना के तहत यदि कोई यात्री ऑनलाइन माध्यम से एक साथ जाने और वापस आने का टिकट बुक करता है, तो उसे कुल किराये पर 10 प्रतिशत की छूट मिलेगी. यह सुविधा सभी श्रेणी की बसों पर लागू होगी. इसमें वॉल्वो, एसी और साधारण बसें शामिल हैं. योजना को लागू करने के लिए निगम मुख्यालय की ओर से सभी डिपो को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं.

ग्रुप बुकिंग पर भी मिलेगा लाभ

रिटर्न टिकट के अलावा समूह में यात्रा करने वालों के लिए भी विशेष रियायत दी जाएगी. यदि छह लोग एक साथ टिकट बुक करते हैं तो किराये में अलग-अलग स्तर पर छूट मिलेगी.

  • चौथे यात्री के टिकट पर 10% छूट
  • पांचवें यात्री के टिकट पर 12% छूट
  • छठे यात्री के टिकट पर 15% छूट

ग्रुप डिस्काउंट का लाभ ऑनलाइन टिकट बुकिंग के साथ-साथ बस अड्डों के टिकट काउंटर से समूह में टिकट खरीदने पर भी मिलेगा.

यात्रियों और निगम, दोनों को होगा फायदा

उत्तराखंड रोडवेज का मानना है कि इस योजना से दोहरा लाभ होगा. एक ओर यात्रियों का यात्रा खर्च कम होगा, वहीं दूसरी ओर अधिक लोग रोडवेज बसों का इस्तेमाल करेंगे, जिससे निगम की आमदनी में भी वृद्धि होगी. खासकर त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घरों या पर्यटन स्थलों की यात्रा करते हैं. ऐसे में किराये में मिलने वाली छूट यात्रियों को रोडवेज की ओर आकर्षित कर सकती है.

हर दिन 70 हजार से ज्यादा यात्री करते हैं सफर

उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में प्रतिदिन औसतन 70 हजार से अधिक यात्री सफर करते हैं. निगम के बेड़े में 1,300 से ज्यादा बसें शामिल हैं, जिनमें से 900 से अधिक बसें रोजाना विभिन्न मार्गों पर संचालित होती हैं. नई योजना लागू होने के बाद यात्रियों की संख्या में और बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है.

अधिकारी ने क्या कहा?

उत्तराखंड परिवहन निगम के महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह ने बताया कि रिटर्न जर्नी और ग्रुप बुकिंग पर किराये में छूट देने की योजना पूरे त्योहारी सीजन के दौरान लागू रहेगी. इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों और डिपो प्रबंधकों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि योजना का लाभ यात्रियों तक बिना किसी परेशानी के पहुंच सके.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.