दिल्ली में 16 मेट्रो स्टेशन बंद होने का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, CJI बोले- लंच तक देखते हैं, नहीं खुला तो दखल देंगे
TV9 Bharatvarsh July 23, 2026 03:43 PM

दिल्ली के जंतर मंतर पर छात्रों के आंदोलन के बीच सुरक्षा कारणों से 16 मेट्रो स्टेशन को बंद किया गया है. ये मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है. SCBA (सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन) प्रेसिडेंट विकास सिंह ने CJI सूर्यकांत की बेंच के सामने मामला रखा. उन्होंने कहा कि मेट्रो पर वकीलों या रजिस्ट्री स्टाफ़ की स्क्रीनिंग की जा सकती है. इससे हम पर असर पड़ रहा है. इसपर CJI ने कहा कि अगर लंच के समय तक इसे खोलने के लिए कुछ नहीं किया गया, तो हम दखल देंगे.

CJI ने कहा कि हमने आदेश जारी किया है कि आज पेश न होने वगैरह के कारण कोई भी प्रतिकूल आदेश पारित न किया जाए. विकास सिंह ने कहा कि न्यायिक पक्ष से दखल की ज़रूरत पड़ सकती है. CJI ने कहा कि हां, अगर लंच तक वे कुछ नहीं करते हैं तो हम इस पर गौर करेंगे.

कौन-कौन से मेट्रो स्टेशन बंद?

बता दें कि राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय, मंडी हाउस, आईटीओ और खान मार्केट समेत दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन अगले आदेश तक सुरक्षा कारणों से गुरुवार सुबह बंद कर दिए गए. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने यह जानकारी दी. जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के जारी प्रदर्शन में भीड़ बढ़ने के बीच यह कदम उठाया गया है.

हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों के लिए लाइन बदलने की सुविधा उपलब्ध रहेगी. डीएमआरसी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद कर दिए गए हैं.

बुधवार को भी बंद थे मेट्रो स्टेशन

सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन बुधवार को भी लगभग आठ घंटे तक बंद रहे, जिससे ऑफिस जाने वाले हजारों लोग, छात्र और अन्य यात्री फंस गए. दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने सुबह 16 स्टेशन बंद कर दिए थे और दोपहर में झंडेवालान को भी इस सूची में शामिल कर लिया. शाम को स्टेशनों के निकास द्वार खोल दिए गए.

विपक्ष क्या बोला?

विपक्षी नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि बीजेपी मेट्रो स्टेशन बंद करने के बजाय छात्रों से बात करनी चाहिए थी. यात्रियों ने बताया कि ट्रेनें कई रूट पर चलती रहीं, लेकिन निर्धारित स्टेशनों पर नहीं रुकीं, जिससे उन्हें अपनी मंजिल से आगे तक जाना पड़ा और फिर सड़क मार्ग से वापस आना पड़ा.

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मेट्रो स्टेशन बंद करना गलत है और छात्रों एवं प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिशों से आंदोलन और मजबूत ही होगा. दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, अगर आप सारे मेट्रो स्टेशन बंद भी कर दें, तो भी वे पैदल चलेंगे. ये युवा हैं. सरकार के लिए इन युवा प्रदर्शनकारियों की बात सुनना अच्छा रहेगा.

उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार पर छात्रों की मांगों को पूरा करने के बजाय आंदोलन को दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाया. कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भी हालात से निपटने के सरकार के तरीके की आलोचना की और कहा कि मेट्रो स्टेशन के निकास द्वार बंद करने के बजाय सरकार को छात्रों से बातचीत करनी चाहिए थी.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.