फ्रांस में जंगल की भीषण आग, हजारों लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेजा गया, जानें कैसी है मौजूद स्थिति
सौरव कुमार July 24, 2026 06:12 PM

फ्रांस के दक्षिण-पश्चिम इलाके से करीब 12,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है. गिरोंडे क्षेत्र में जंगल की आग लगातार फैलने के कारण अधिकारियों ने 8,800 और लोगों को भी वहां से हटाने का प्रोसेस शुरू कर दिया है. स्थानीय प्रशासन के अनुसार, आर्काचोन खाड़ी के आसपास लगभग 8,400 एकड़ जमीन आग की चपेट में आकर बर्बाद हो चुकी है. आग पर काबू पाने के लिए करीब 700 फायरफाइटर लगातार काम कर रहे हैं.

फ्रांस के अलावा हाल के दिनों में स्पेन और इटली में भी जंगल की आग की घटनाएं सामने आई हैं. स्पेन में मैड्रिड के पश्चिम और दक्षिण के कई इलाकों में हजारों लोगों को अपने घर खाली करने के आदेश दिए गए हैं. इटली के सिसिली इलाके में आग बुझाने के दौरान एक फायरफाइटर की तबीयत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई.

डोनाल्ड ट्रंप ने दुनिया के 17 देशों पर फोड़ा टैरिफ बम, भारत-पाकिस्तान पर कितने प्रतिशत लगाया?

किसी के घायल होने की जानकारी नहीं

गिरोंडे की प्रीफेक्ट सोफी ब्रोकास ने बताया कि रातभर में कैंपसाइट्स से निकाले गए लोगों में लगभग 10,000 पर्यटक भी शामिल थे. उन्होंने कहा कि आर्काचोन खाड़ी के किनारे बसे क्लाउई गांव से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने का काम शांतिपूर्ण तरीके से किया जा रहा है. सोफी ब्रोकास ने यह भी बताया कि अभी तक किसी के घायल होने की जानकारी नहीं मिली है. हालांकि जंगल वाले खुले क्षेत्रों की कुछ जगहों और सड़कों को एहतियात के तौर पर बंद कर दिया गया है.

पूरी रात आग बुझाने का काम लगातार चलता रहा

गिरोंडे फायर सर्विस के प्रमुख मार्क वर्म्यूलेन ने कहा कि पूरी रात आग बुझाने का काम लगातार चलता रहा. उन्होंने चेतावनी दी कि तापमान बढ़ रहा है और हवाएं भी तेज हो रही हैं. उनके अनुसार शाम के समय हालात और ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं, क्योंकि हवाओं की दिशा तेजी से बदल सकती है. उन्होंने कहा कि फिलहाल ऐसी आग से मुकाबला किया जा रहा है, जिसके फैलने का अनुमान लगाना मुश्किल है, इसलिए किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा सकती. इस सप्ताह की शुरुआत में बोर्डो एयरपोर्ट के पास लगी एक अन्य आग को बुझाने के दौरान दो लोकल फायरफाइटर्स की भी मौत हो गई थी.

लोकल लोगों ने आग को लेकर क्या कहा?

समुद्र किनारे बसे ले पोर्ज शहर की 19 वर्षीय निवासी यास्मिना डी फ्रीटास ने बताया कि बुधवार दोपहर के समय उन्हें धुएं और जलने की तेज गंध महसूस हुई. उन्होंने कहा कि दोपहर तक राख और आधी जली हुई पेड़ों की छाल गिरने लगी थी. आसमान बहुत अंधेरा हो गया था और धुआं लगातार घना होता जा रहा था. यास्मिना ने बताया कि स्थानीय समय के अनुसार रात करीब 8 बजे पुलिस उनके परिवार को सुरक्षित स्थान पर ले गई. उन्हें पास के एक शहर के जिम में ठहराया गया. जल्दबाजी में निकलने के कारण वे अपनी दो बिल्लियों और चार मुर्गियों को साथ नहीं ले जा सके क्योंकि वे उस समय दिखाई नहीं दी थीं.

प्रशासन ने लोगों को दी चेतावनी

फ्रांस के दक्षिण-पूर्व में स्थित वार क्षेत्र में जिन लोगों को पहले निकाला गया था, उन्हें गुरुवार सुबह अपने घरों में हुए नुकसान का आकलन करने के लिए वापस जाने की अनुमति दी गई. हालांकि प्रशासन ने लोगों को चेतावनी दी है कि दोपहर के समय तेज हवाओं के कारण आग फिर से भड़क सकती है, इसलिए उन्हें इलाके में कम से कम आवाजाही करने की सलाह दी गई है. इस साल गर्मियों में पूरे यूरोप में लंबे समय तक चली असामान्य गर्मी की लहर के दौरान फ्रांस के कई इलाके जंगल की आग से प्रभावित हुए हैं. फ्रांस के गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज़ ने मंगलवार को बोर्डो एयरपोर्ट के पास आग बुझाने के दौरान जान गंवाने वाले दो फायरफाइटर्स को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिया.

पाकिस्तान ने फिर की नापाक हरकत, इशाक डार ने बोला झूठ तो भारत ने दिया मुंहतोड़ जवाब, कहा- आतंकवाद...

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.