Gorakhpur Crime News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक 19 वर्षीय छात्र की खौफनाक और शातिराना साजिश का खुलासा हुआ है. बेलीपार थाना क्षेत्र के कटिहार बांध के पास 70 वर्षीय सर्राफा व्यापारी रामलाल वर्मा की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी छात्र प्रिंस और उसके दो नाबालिग सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस पूछताछ में सामने आया कि उधारी के एक लाख रुपये हड़पने के नियत से इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया था.
एसपी साउथ दिनेश पुरी ने मामले का खुलासा करते हुए पूरी घटना की जानकारी दी. बांसगांव थाना क्षेत्र के धसका भटास निवासी रामलाल वर्मा की कटरा मलाव में सर्राफा की दुकान थी. आरोपी प्रिंस पांडे ने बाइक खरीदने के लिए उनसे एक लाख रुपये उधार लिए थे. पुराना परिचय होने के कारण प्रिंस अक्सर उन्हें दुकान या घर छोड़ दिया करता था. बुधवार को रामलाल वर्मा दुकान जाने के लिए टैंपो का इंतजार कर रहे थे. तभी प्रिंस अपने दोस्त के साथ बाइक पर आया और उन्हें दुकान छोड़ने की बात कहकर अपनी बाइक पर बैठा लिया. आरोपी उन्हें कन्हैया कटिहार बांध स्थित मंदिर पर भगवान के दर्शन कराने के बहाने ले गया, जहां उसके अन्य साथी पहले से मौजूद थे.
चाकुओं से गोदा, शव नदी में फेंका
प्रिंस और उसके साथियों ने मिलकर रामलाल वर्मा पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर उनकी हत्या कर दी और शव को नदी में फेंककर फरार हो गए. बुधवार शाम करीब 5 बजे ग्रामीणों ने नदी में तैरता हुआ शव देखा और पुलिस को सूचित किया. मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए, जहां से मृतक की चप्पलें और शराब की बोतल बरामद हुई.
ये भी पढ़ें:इस बीवी ने तो क्रूरता की सभी हदें कर दीं पार जिससे की थी तीसरी शादी, उसी पति को जिंदा जलाकर मार डाला
CCTV फुटेज से खुला राज, 3 आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच आगे बढ़ाई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चाकू गोदकर हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने रास्ते में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले. फुटेज की मदद से पुलिस ने गुरुवार रात मुख्य आरोपी प्रिंस और 9वीं के छात्र अंशु समेत तीन आरोपियों को धर दबोचा. पुलिस के मुताबिक वारदात में शामिल प्रिंस का मौसेरा भाई अभी फरार है, जिसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.