बिहारः एक शिवलिंग में विष्णु और शिव दोनों, जानिए दुनिया के इस अनोखे बाबा हरिहरनाथ मंदिर की कहानी
TV9 Bharatvarsh July 24, 2026 07:43 PM

Hariharnath Temple Sonepur: बिहार के सोनपुर में देश व दुनिया का इकलौता मंदिर है, जहां मंदिर के गर्भगृह में एक ही शिवलिंग में भगवान विष्णु और भगवान शिव दोनों हैं. इस मंदिर की महिमा निराली है. खासबात ये है कि गंडक नदी के तट पर बाबा हरिहरनाथ का मंदिर है, मंदिर के गर्भगृह में एक ही शिवलिंग है जिसके आधे भाग में भगवान विष्णु और आधे भाग में भगवान शिव एक साथ विराजमान हैं. यही वजह है कि भक्तों का यहां तांता लगा रहता है और वे दूर-दूर से मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचते हैं.

बाबा हरिहरनाथ मंदिर के पुजारी का कहना है कि गंगा और गंडक नदी के संगम स्थल पर देश का पहला एक मंदिर है, जहां एक ही शिवलिंग में भगवान विष्णु और भगवान शिव विराजमान है. भगवान विष्णु और भगवान शिव का समन्वय का प्रतीक है. देश-विदेश कहीं भी मंदिर में भगवान विष्णु और भगवान शिव एक साथ नहीं मिलेंगे. दोनों भगवान विष्णु और शिव अलग-अलग मिलेंगे.

श्रद्धालुओं के लिए की गईं विशेष व्यवस्थाएं

पुजारी का कहना है कि भगवान विष्णु और भगवान शिव का एक साथ पूजा अर्चना करने से श्रद्धालुओं की मनोकामना पूर्ण होती है. सावन में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है. श्रद्धालु भगवान विष्णु और भगवान शिव का दर्शन पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं. पूरे सावन मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए महिला, पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग बेरिकेटिंग कर व्यवस्था की जाती है ताकि जलाभिषेक करने में परेशानी नहीं हो.

वहीं मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दण्डाधिकारी के नेतृत्व में महिला, पुरुष पुलिस बल, मेडिकल टीम, CCTV से निगरानी की जाएगी. संध्या समय बाबा हरिहरनाथ की भव्य आरती, श्रृंगार का आयोजन किया जाएगा. बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित बाबा गरीबनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहले गंगा नदी से पवित्र गंगा जल लेकर सैकड़ों डाक, बोल बम कांवरिया, श्रद्धालुओं की टोली बाबा हरिहरनाथ मंदिर में जलाभिषेक कर के ही बाबा गरीबनाथ मंदिर में जलाभिषेक करने जाते है.

कार्तिक पूर्णिमा पर भी उमड़ता है श्रद्धालुओं का सैलाब

सावन के अलावे अन्य दिनों में बाबा हरिहरनाथ मंदिर में सुबह से पूजा-अर्चना को लेकर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रहती है. मालूम हो कि हर साल कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान के मौके पर लाखों श्रद्धालु गंगा, गंडक नदी में पवित्र स्नान कर बाबा हरिहरनाथ मंदिर में जलाभिषेक करते हैं. वहीं विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेला अवधि में देश के विभिन्न राज्यों और विदेश से आने वाले पर्यटक भी बाबा हरिहरनाथ मंदिर में पूजा अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त करते है. सावन में बिहार के पटना, छपरा, वैशाली, सिवान, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दानापुर समेत अन्य जिलों से श्रद्धालुओं की भीड़ पूजा अर्चना को लेकर होती है.ॉ

ये भी पढ़ें:Jagannath Bahuda Yatra 2026: लक्ष्मी जी को रसगुल्ला खिलाकर मनाएंगे जगन्नाथ प्रभु, जानिए आज बहुदा यात्रा में क्या-क्या होगा?

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.