डीयू में शुरू होंगे 4 नए स्किल कोर्स, DSSEED के साथ मिलकर किए हैं तैयार
TV9 Bharatvarsh July 25, 2026 05:43 PM

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रों को केवल डिग्री तक सीमित रखने के बजाय उन्हें स्वरोजगार और स्टार्टअप के लिए तैयार करने की योजना बना रहा है. इसी उद्देश्य से दिल्ली स्कूल फॉर स्किल एन्हांसमेंट एंड एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट (DSSEED) ने स्किल एन्हांसमेंट कोर्स (SEC) के तहत चार नए एंटरप्रेन्योरशिप आधारित कोर्स तैयार किए हैं. इन प्रस्तावों को अकादमिक काउंसिल की बैठक में रखा जाएगा. मंजूरी मिलने के बाद इन्हें कार्यकारी परिषद (EC) की स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा.

इन कोर्सों का उद्देश्य छात्रों में बिजनेस सोच विकसित करना, स्टार्टअप शुरू करने की समझ देना और व्यावहारिक स्किल बढ़ाना है. दोनों प्रस्ताव अकादमिक काउंसिल की मंजूरी के बाद लागू किए जाएंगे. इन नए कोर्सों में एंटरप्रेन्योरियल माइंडसेट एंड अपॉर्च्युनिटी डिस्कवरी, डिजाइन थिंकिंग एंड वेंचर डेवलपमेंट, वेंचर बिजनेस डिजाइन एंड गो-टू-मार्केट स्ट्रेटेजी और एंटरप्रेन्योरियल कम्युनिकेशन एंड इन्वेस्टर पिचिंग शामिल हैं.

स्टार्टअप और बिजनेस की पूरी प्रक्रिया सीखेंगे छात्र

विश्वविद्यालय का कहना है कि इन कोर्सों का उद्देश्य सिर्फ एंटरप्रेन्योरशिप का थ्योरेटिकल नॉलेज देना नहीं है. छात्रों को इस तरह प्रशिक्षित किया जाएगा कि वो नए बिजनेस अवसरों की पहचान कर सकें, समस्याओं के समाधान विकसित करें, मजबूत बिजनेस मॉडल तैयार करें और अपने प्रोडक्ट या सेवा को बाजार तक पहुंचाने की रणनीति समझ सकें.

साथ ही उन्हें निवेशकों के सामने अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने, स्टार्टअप शुरू करने और व्यवसाय को आगे बढ़ाने की व्यावहारिक जानकारी भी दी जाएगी. इससे छात्रों में इनोवेशन और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा.

SOL में शुरू होंगे अरबी और पर्शियन भाषा के नए कोर्स

डीयू के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (SOL) ने विदेशी भाषा शिक्षा का दायरा बढ़ाते हुए अरबी और पर्शियन भाषा के सर्टिफिकेट कोर्स शुरू करने का प्रस्ताव भी तैयार किया है. इन भाषाओं की पढ़ाई ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से कराई जाएगी. खासकर एमबीबीएस, हेल्थकेयर और मेडिकल स्टडीज की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए ये भाषाएं अतिरिक्त स्किल के रूप में उपयोगी साबित हो सकती हैं. इन कोर्सों को भी अकादमिक काउंसिल की मंजूरी मिलने के बाद शुरू किए जाने की संभावना है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.