CWG 2026: कौन हैं ऋषिकांता सिंह? कॉमनवेल्थ गेम्स रिकॉर्ड के साथ जीता सिल्वर मेडल
TV9 Bharatvarsh July 26, 2026 08:42 PM

Rishikanta Singh: ग्लासगो में आयोजित हो रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय एथलीटों का शानदार प्रदर्शन जारी है. भारत के स्टार वेटलिफ्टर चनामबम ऋषिकांता सिंह ने पुरुषों की 60kg कैटेगरी में बेहतरीन खेल दिखाते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम कर लिया है. ऋषिकांता सिंह ने स्नैच राउंड में 121 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में 143 किलो का वजन उठाया. उन्होंने कुल 264 किलोग्राम का वजन उठाकर भारत की झोली में यह ऐतिहासिक मेडल डाला है. इस इवेंट में मलेशिया के अनीक कासदान ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया, वहीं केन्या के लिफ्टर को ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा.

मणिपुर से निकलकर सेना के दम पर बनाई पहचान

मूल रूप से मणिपुर के इंफाल वेस्ट के रहने वाले 27 साल के ऋषिकांता सिंह ने अपनी प्रतिभा के दम पर नेशनल और इंटरनेशनल लेवल पर लगातार सफलता हासिल की है. उनकी ट्रेनिंग इंडियन आर्मी के स्पोर्ट्स सेटअप के तहत हुई है, जहां से निखरकर वह भारत के सबसे भरोसेमंद कम वजन वाले लिफ्टर्स में शामिल हुए. उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में एक रिकॉर्ड भी बनाया, ऋषिकांत सिंह की ओर से स्नैच राउंड में 121 किलो उठाया, यह कॉमनवेल्थ गेम्स का नया रिकॉर्ड है.

55 किलो से 60 किलो कैटेगरी तक का सफर

ऋषिकांता सिंह ने अपने कॉमनवेल्थ गेम्स की शुरुआत साल 2022 के बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स से की थी, जहां उन्होंने 55 किलो कैटेगरी में हिस्सा लिया था. इसके बाद उन्होंने अपनी कैटेगरी को बदलते हुए 60 किलो में कदम रखा. यह बदलाव उनके करियर का अहम मोड़ साबित हुआ. ग्लासगो 2026 में सिल्वर मेडल जीतकर ऋषिकांता सिंह ने यह साबित कर दिया है कि नई कैटेगरी में आने के बाद भी उनका प्रदर्शन और मजबूत हुआ है.

हाल के सालों में उनके दमदार प्रदर्शन
  • 2024 नेशनल वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप: 61 किलो कैटेगरी में खेलते हुए उन्होंने 124 किलो का शानदार स्नैच कर नया नेशनल रिकॉर्ड बनाया.
  • 2025 वर्ल्ड वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप: यहां उन्होंने 60 किलो कैटेगरी में कुल 269 किलो वजन उठाकर 11वां स्थान हासिल किया.
  • 2025 अहमदाबाद कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप: अहमदाबाद में उन्होंने अपने करियर का बेस्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 271 किलो वजन उठाया और गोल्ड मेडल जीता. इसी प्रदर्शन के दम पर उन्होंने ग्लासगो 2026 के लिए सीधे क्वालिफाई किया था.
© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.