Vaibhav Sooryavanshi: हरारे में वैभव सूर्यवंशी का फिर हाहाकार, अर्धशतक के साथ बनाया रिकॉर्ड, फिर टूटा दिल
TV9 Bharatvarsh July 26, 2026 11:42 PM

‘वैभव सूर्यवंशी इंटरनेशल क्रिकेट में कई रिकॉर्ड बना देंगे.’ कुछ महीने पहले जब आईपीएल 2026 में 15 साल के वैभव का बल्ला खूब हल्ला बोल रहा था तो क्रिकेट फैंस के बीच यही चर्चा चल रही थी. हालांकि वैभव के इंटरनेशनल करियर की शुरुआत अच्छी नहीं रही, जहां वो लगातार 3 पारियों में फेल रहे. मगर अगले 3 मैच में वैभव ने उन दावों को सही साबित कर दिया. जिम्बाब्वे दौरे पर वैभव ने दूसरी बार अर्धशतक जमा दिया और एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर दिया. मगर एक हैरतअंगेज कैच ने वैभव से ऐतिहासिक शतक बनाने का मौका छीन लिया.

हरारे में सीरीज के आखिरी मैच में एक बार फिर वैभव सूर्यवंशीका कमाल देखने को मिला. इस बार तो भारतीय ओपनर ने मैच की पहली ही गेंद पर चौका जमाकर अपना और टीम का खाता खोला. इसके बाद भी उनका हमला जारी रहा. हालांकि, इस मैच में जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने उन्हें पहले मैच जितनी आजादी नहीं दी लेकिन फिर भी वैभव को रोकना उनके लिए मुश्किल साबित हुआ.

वैभव के अर्धशतक से बना रिकॉर्ड

एक बार फिर वैभव के सीनियर ओपनिंग पार्टनर अभिषेक शर्मा जल्दी आउट हो गए लेकिन इसका असर युवा स्टार पर नहीं पड़ा. पहले मैच में तो वैभव ने 18 गेंदों में ही अर्धशतक जमा दिया था लेकिन इस बार उनकी फिफ्टी 31 गेंदों में आई. भले ही ये अर्धशतक वैभव के खेलने के अंदाज के हिसाब से थोड़ा धीमा था लेकिन उन्होंने इसके साथ ही एक नया रिकॉर्ड भी बना दिया. वो पहले ऐसे बल्लेबाज बन गए, जिसने इंटरनेशनल क्रिकेट में 16 साल की उम्र से पहले ही 2 अर्धशतक जमा दिए. इस मामले में वो अभी तक नेपाल के कुशल मल्ला (1) की बराबरी पर थे.

जबरदस्त कैच ने छीना शतक का मौका

मगर वैभव इस पारी में सिर्फ अर्धशतक से मानने को तैयार नहीं थे बल्कि वो अपने हमले को जारी रखते हुए शतक की ओर बढ़ रहे थे. जिस तरह से उनकी बल्लेबाजी चल रही थी, उसे देखकर लग रहा था कि वो शतक भी पूरा कर लेंगे. मगर तभी वेस्ली मधेवेरे की गेंद पर छक्का जमाने की कोशिश विफल हो गई और लॉन्ग ऑफ से दौड़कर आते हुए ब्रैड एवन्स ने हैरतरअंगेज डाइव के साथ कैच लपक लिया. वैभव ने सिर्फ 40 गेंदों में 81 रन की पारी खेली, जो उनका इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे बड़ा स्कोर है. उन्होंने 8 चौके और 4 छक्के लगाए.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.