Vaibhav Sooryavanshi: डॉन ब्रैडमैन से क्यों हो रही है 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की तुलना?
TV9 Bharatvarsh July 28, 2026 09:43 PM

Robin Uthappa On Vaibhav Sooryavanshi: भारतीय क्रिकेट के 15 साल के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी अपनी ताबड़तोड़ और विस्फोटक बल्लेबाजी से लगातार मैदान पर गदर मचा रहे हैं. जहां एक तरफ फैंस उनके खेल के दीवाने हैं, वहीं दूसरी तरफ पूर्व दिग्गज खिलाड़ी भी उनके इस असाधारण हुनर को देखकर हैरान हैं. इसी बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर और दो बार के आईपीएल चैंपियन रॉबिन उथप्पा ने वैभव की तुलना ऑल टाइम ग्रेट क्रिकेटर सर डॉन ब्रैडमैन से कर दी है, जिसके बाद से सोशल मीडिया पर चर्चा का माहौल गर्म है.

सूर्यवंशी में उथप्पा को दिखी डॉन ब्रैडमैन की झलक

रॉबिन उथप्पा ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए वैभव और ब्रैडमैन के बीच तुलना की और इसके पीछे की बड़ी वजह भी बताई. उथप्पा के मुताबिक, अभी तो वैभव के इंटरनेशनल करियर का शुरुआती दौर है, लेकिन विरोधी गेंदबाज उनके खिलाफ अभी से वैसी ही रणनीति अपनाते दिख रहे हैं जैसी किसी जमाने में ब्रैडमैन के खिलाफ अपनाई जाती थी. उथप्पा ने कहा, ‘जब महान डॉन ब्रैडमैन अपनी बल्लेबाजी से दबदबा बनाते थे, तब गेंदबाजों के पास उन्हें रन बनाने से रोकने के लिए बॉडी-लाइन गेंदबाजी का सहारा लेने के अलावा कोई चारा नहीं बचता था. वैभव सूर्यवंशी की तकनीक भी काफी हद तक ब्रैडमैन जैसी ही है, जिसमें वह LBW आउट होने से लगभग हमेशा बच जाते हैं.’

गेंदबाजों के रिएक्शन का इंतजार

उथप्पा का मानना है कि गेंदबाज अभी भी 15 साल के इस युवा खिलाड़ी के बल्लेबाजी पैटर्न को समझने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह देखना दिलचस्प होगा कि जब गेंदबाज उनके खिलाफ नई योजनाएं बनाएंगे तो वैभव उस पर कैसी प्रतिक्रिया देते हैं. पूर्व दिग्गज ने जोर देकर कहा कि अगर वैभव सूर्यवंशी अपने आक्रामक स्ट्राइक रेट के साथ-साथ 40 से ज्यादा का औसत बनाए रखने में सफल रहते हैं, तो वह मैदान पर एक असाधारण और ऐतिहासिक खिलाड़ी साबित होंगे.

छोटे से करियर में बड़ा धमाका

वैभव सूर्यवंशी ने भारत के लिए अभी तक 6 टी20 मैच ही खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 32.16 के औसत और 189.21 के स्ट्राइक रेट से 193 रन शामिल हैं. जिसमें उनके बल्ले से 2 अर्धशतक भी देखने को मिले हैं. लेकिन वो एक बार भी LBW आउट नहीं हुए हैं. आईपीएल में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला था, जहां उन्होंने लगभग हर एक बड़े गेंदबाज के खिलाफ रन बनाए थे.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.