Huma Qureshi Birthday: बॉलीवुड अदाकारा हुमा कुरैशी आज 40 साल की हो चुकी हैं. कई शानदार फिल्मों से बड़े पर्दे पर राज करने वाली हुमा कुरैशी ने ओटीटी पर भी दर्शकों का दिल जीता है. अपनी अदाकारी के अलावा हुमा अपनी बेबाकी और खूबसूरती के लिए भी चर्चा में रही हैं. बॉलीवुड में आने से पहले उन्होंने विज्ञापनों में भी काम किया है.
थिएटर में किया था काम
हुमा कुरैशी का जन्म 28 जुलाई 1986 को देश की राजधानी नई दिल्ली में हुआ था. अपनी लाइफ के चार दशक पूरे कर चुकीं हुमा ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के गार्गी कॉलेज से इतिहास में अपना ग्रेजुएशन पूरा किया था. इसी दौरान उनका झुकाव अभिनय की तरफ बढ़ा और उन्होंने थिएटर जॉइन कर लिया था. यहां एक्टिंग की बारीकियां सीखने के बाद वो एक्टिंग में अपना करियर बनाने के लिए मुंबई आ गई थीं.
ये भी पढ़ें: जब अभय वर्मा को समझ लिया था ट्रांसजेंडर, लड़कों ने सड़क पर की थी गंदी हरकत

फिल्म के लिए हुई सिलेक्ट, लेकिन बन ही नहीं पाई मूवी
साल 2008 में हुमा ने मुंबई का रुख किया था. उस वक्त उनकी उम्र 22 साल थी. मुंबई आकर एक्ट्रेस ने कई फिल्मों के लिए ऑडिशन दिए. बताया जाता है कि उन्होंने 'जंक्शन' नाम की मूवी के लिए भी ऑडिशन दिया था और वो फिल्म के लिए सिलेक्ट भी हो गई थीं, लेकिन ये फिल्म कभी बन ही नहीं पाई.
आमिर-शाहरुख़ संग विज्ञापनों में किया काम
गौरतलब है कि हुमा कुरैशी ने शाहरुख खान और आमिर खान के साथ आज तक किसी फिल्म में काम नहीं किया है. हालांकि दोनों सुपरस्टार्स के साथ वो बॉलीवुड डेब्यू से पहले ही काम कर चुकी हैं. आमिर खान के साथ उन्होंने सैमसंग मोबाइल के एड में काम किया था. जबकि शाहरुख खान के साथ वो नेरोलेक पेंट के विज्ञापन में नजर आई थीं.

हुमा कुरैशी के एक एड शूट के दौरान उनके बारे में डायरेक्टर अनुराग कश्यप को पता चला था. इसके बाद अनुराग ने उन्हें अपनी फिल्म 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' के लिए साइन कर लिया था. ये हुमा के लिए लाइफ बदलने वाला पल साबित हुआ था. क्योंकि इस फिल्म ने उन्हें जबरदस्त पहचान दिलाई थी. साल 2012 में आई इस फिल्म में हुमा कुरैशी ने शानदार काम किया था. उनका किरदार छोटा था, लेकिन पहचान बड़ी मिल गई थी.
ये भी पढ़ें: 'सड़क के डिवाइडर पर बैठ जाता था...' नौकरी छोड़ एक्टर बने राहुल बॉस, सेट पर बैठने के लिए नहीं मिलती थी कुर्सी
गैंग्स ऑफ वासेपुर से पहचान बनाने के बाद हुमा कुरैशी बदलापुर, जॉली एलएलबी, काला, लव शव ते चिकन खुराना, डेढ़ इश्किया, एक थी डायन और हाइवे जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं. वहीं उन्होंने हॉलीवुड फिल्म 'आर्मी ऑफ द डैड' में भी काम किया है.

बड़े पर्दे पर धूम मचाने वाली हुमा कुरैशी को दर्शकों ने ओटीटी पर भी काफी प्यार दिया है. एक्ट्रेस 'महारानी' और 'लीला' जैसी वेब सीरीज से काफी सुर्खियां बटोर चुकी हैं. खासकर महारानी से उन्हें दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला है. इसमें वो रीना भारती के किरदार में नजर आई हैं. इसके अब तक चार सीजन आ चुके हैं.
हुमा कुरैशी का नाम कई लोगों के साथ जुड़ चुका है. बताया जाता है कि अपनी पहली फिल्म 'गैंग्स ऑफ़ वासेपुर' की शूटिंग के दौरान उनका नाम डायरेक्टर अनुराग कश्यप के साथ जुड़ा था. इसके बाद मशहूर एक्टर शाहिद कपूर के साथ भी उनके लिंकअप की ख़बरें आई थीं. वहीं सोहेल खान संग भी उनका नाम जुड़ा था. अर्जन बाजवा, क्रिकेटर शिखर धवन और डायरेक्टर मुदस्सर अजीज के साथ भी उनका रिश्ता चर्चा में रहा है. हालांकि उनका कोई भी रिश्ता लंबा नहीं टिक पाया.

अब रचित सिंह के साथ हैं रिश्ते में!
हुमा कुरैशी साल 2025 से एक्टिंग कोच रचित सिंह के साथ अपने रिश्ते को लेकर सुर्खियों में हैं. 2025 में खबरें आई थीं कि दोनों ने गुपचुप तरीके से सगाई कर ली है. वहीं बीते साल ही दोनों हिमेश रेशमिया के लाइव कॉन्सर्ट में एक दूसरे के बेहद क्लोज नजर आए थे.

साल 2026 में ये चर्चाएं होने लगीं कि रचित और हुमा इस साल शादी करने वाले हैं. हालांकि दोनों में से किसी ने भी अभी अपने रिश्ते को खुलकर स्वीकार नहीं किया है. वहीं कुछ दिनों पहले शादी की खबरों को रचित सिंह ने खारिज कर दिया था. उन्होंने हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यूमे कहा था, 'पता नहीं कौन, कहां मेरी शादी करवा रहा है.'