बार-बार क्यों टोक रहे हैं…जगदंबिका पाल के टोकने पर तेजस्वी सूर्या हुए नाराज
TV9 Bharatvarsh July 29, 2026 12:43 AM

लोकसभा में सार्वजनिक परीक्षा सुधार विधेयक पर चर्चा के दौरान बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या अध्यक्ष पद पर बैठे जगदंबिका पाल से नाराज हो गए. दरअसल, पेपर लीक से जुड़े कानून पर लोकसभा में बहस चल रही थी, चेयर पर बीजेपी सांसद जगदंबिका पाल थे और बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या वक्ता थे. तेजस्वी को पार्टी की तरफ से बोलने के लिए 20 मिनट का समय दिया गया था, लेकिन तेजस्वी 20 मिनट से ज्यादा बोल गए और भाषण खत्म नहीं कर रहे थे. तब जगदंबिका पाल ने उन्हें टोका और कहा कि अब खत्म करिए. इसके बाद तेजस्वी ने उनसे 2 मिनट का समय और मांगा. फिर कुछ देर बाद जब जगदंबिका पाल ने उन्हें भाषण खत्म करने को कहा तो तेजस्वी सूर्या नाराज हो गए.

तेजस्वी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि दो मिनट दीजिए अध्यक्ष जी, क्यों बार-बार टोक रहे हैं. पार्टी ने मुझे 20 मिनट का समय दिया है. इसपर जगदंबिका पाल ने कहा कि ‘क्यूं ना टोकेंगे? ये गलत बात है. ये कौन सी बात है’. तब केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने बीच-बचाव करते हुए कहा कि अध्यक्ष जी बोलने दीजिए. इसके बाद जगदंबिका पाल ने कहा कि ’20 मिनट का समय था, 27 मिनट दे दिया. और भी स्पीकर हैं पार्टी के, वो भी बोलेंगे’. तब प्रल्हाद जोशी ने कहा कि तेजस्वी को पांच मिनट और दे दीजिए, हम पार्टी में एडजस्ट कर लेंगे.

सुप्रिया सुले ने प्रल्हाद जोशी को लेकर क्या कहा?

तेजस्वी सूर्या के भाषण के बाद जगदंबिका पाल ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (SP) की सांसद सुप्रिया सुले को बोलने के लिए कहा. फिर सुप्रिया ने प्रल्हाद जोशी को लेकर कहा कि ‘हमने अभी शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी को लड़ते हुए बर्ताव देखा कि हमारे वक्ता को पांच मिनट और दे दीजिए. कैबिनेट मंत्री की ये गरिमा है? यह बीजेपी कार्यकर्ताओं का कोई मजाक नहीं है. ये कर्नाटक की विधानसभा नहीं है. शिक्षा मंत्री ऐसा बर्ताव करते हैं संसद में?’.

पैलेट गन के इस्तेमाल की जांच की मांग

सुप्रिया सुले ने मांग की कि एक जांच समिति का गठन किया जाए ताकि उन परिस्थितियों की जांच की जा सके जिनके कारण दिल्ली में हाल ही में हुए नीट परीक्षा के पेपर लीक विरोधी आंदोलन के दौरान कथित तौर पर कुछ सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर पैलेट गन का इस्तेमाल किया था.

ये भी पढ़ें: क्या छात्र आतंकवादी थे, पैलेट गन चलाने का आदेश किसने दिया…संसद में बोलीं प्रियंका गांधी

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.