Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची में बिल्डर के घर हुई करोड़ों रुपये की हाई-प्रोफाइल चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. विशेष जांच दल (SIT) ने बिहार के मुजफ्फरपुर से समीर उर्फ कबीर खान नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है. उसकी निशानदेही पर करीब ₹65 लाख रुपए के लगभग 400 ग्राम सोने और मोती के गहने बरामद किए गए हैं. इससे पहले पुलिस इस मामले में ₹17 लाख से अधिक नकदी और अन्य कीमती जेवर भी बरामद कर चुकी है. अब तक इस हाई-प्रोफाइल चोरी में करीब ₹1 करोड़ मूल्य की नकदी और आभूषणों की रिकवरी हो चुकी है.
यह सनसनीखेज चोरी 9 जुलाई 2026 को रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित अशोक नगर में हुई थी. शहर के सबसे सुरक्षित और पॉश इलाकों में शामिल अशोक नगर में बिल्डर अखिलेश पांडे और निशित केसरी के घर करोड़ों रुपये की चोरी ने पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा की निगरानी और हटिया डीएसपी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया.
चोरों तक ऐसे पहुंची पुलिसजांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस अंतरराज्यीय चोर गिरोह तक पहुंच बनाई. जांच में सामने आया कि आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए करीब ₹80 लाख कीमत की लग्जरी जगुआर कार का इस्तेमाल किया था. वारदात से पहले गिरोह के सदस्य रांची के एक होटल में ठहरे थे और कई दिनों तक बिल्डर के घर की रेकी करने के बाद चोरी की योजना को अंजाम दिया था. पुलिस पहले ही चोरी में इस्तेमाल की गई जगुआर कार को पश्चिम बंगाल सीमा से बरामद कर चुकी है.
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का मुख्य सरगना बिहार के सीतामढ़ी का रहने वाला इरफान उर्फ उजाले उर्फ बाबा उर्फ आर्यन है, जिसके खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में चोरी के 80 से अधिक मामले दर्ज हैं. गिरोह के अन्य आरोपियों में अफरोज उर्फ समीर उर्फ शमीम और नवीन शर्मा के नाम भी सामने आए हैं.
गहने और नकदी बरामदइससे पहले पुलिस मुख्य आरोपियों की पत्नियों गुलशन प्रवीण और शकीला उर्फ लाडली को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने-हीरे के आभूषण और नकदी बरामद कर चुकी है. हालांकि, गिरोह का मुख्य सरगना इरफान और उसका साथी अफरोज अभी भी फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए रांची पुलिस की कई एसआईटी टीमें देश के विभिन्न राज्यों में लगातार छापेमारी कर रही हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा कर शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.