शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने पेपर लीक से जुड़े छात्र आंदोलन और हिंसा पर केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र और संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं और सत्ता में बैठे लोग मनमाने तरीके से शासन कर रहे हैं. उद्धव ठाकरे ने कहा कि जब देश का युवा अपने न्याय के लिए हाथ में पत्थर उठाता है, तो उसे आतंकवादी कहा जाता है. उन्होंने बाल ठाकरे का हवाला देते हुए कहा कि अगर संवैधानिक प्रक्रिया और नियमों के तहत न्याय नहीं मिलता, तो ‘कान के नीचे मारकर न्याय लेना चाहिए’. ठाकरे ने कहा कि छात्रों ने भी अपने हक और न्याय के लिए यही किया है.
उद्धव ठाकरे ने परिसीमन (डिलिमिटेशन) के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि उनका स्पष्ट मत है कि सांसदों की संख्या बढ़ाने के बजाय सरकार को युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने पर ध्यान देना चाहिए. उन्होंने कहा कि देश को अभी डिलिमिटेशन की नहीं, बल्कि रोजगार सृजन की जरूरत है. अगर सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराएगी, तो वही युवा उसे सिर-आंखों पर बिठाएंगे.
इसके साथ ही उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ये भी कहा कि उसकी नीति ‘इस्तेमाल करो और फेंक दो’ की है. ठाकरे ने कहा कि सरकार ने उनके बारे में भी यही सोचा था, लेकिन उद्धव ठाकरे को खत्म नहीं किया जा सकता, बल्कि उद्धव ठाकरे आपको गाड़ देगा.
बालासाहेब ठाकरे से मिली विरासत का किया जिक्रदरअसल, उद्धव ठाकरे एक किताब के विमोचन में गए थे, जहां उन्होंने बालासाहेब ठाकरे से मिली विरासत का जिक्र किया और कहा कि उन्हें इस वंश पर गर्व है. इसके अलावा उन्होंने ये भी कहा कि युवाओं की भावनाओं को समझने के बजाय उनका उपहास किया जा रहा है. उन्होंने पूछा कि जिस देश में युवाओं को कॉकरोच कहा जाता है, क्या उसमें आक्रोश नहीं होगा?
‘महिलाओं को लाठियों से पीटा जाता है’वहीं, नारी शक्ति विधेयक का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को इस विरोधाभास का जवाब देना चाहिए, जहां महिला सशक्तिकरण की घोषणा की जाती है, लेकिन दूसरी ओर महिलाओं को लाठियों से पीटा जाता है. आज देश में युवा शक्ति से कहीं अधिक वृद्ध शक्ति के नारे लग रहे हैं. उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही देश का भविष्य है और केवल वही देश निर्माण का कार्य कर सकती है. उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है, फिर भी सरकार लापरवाही से शासन कर रही है.
ये भी पढ़ें: एंटी-पेपर लीक बिल पास, राहुल के भाषण पर जमकर हंगामा; लोकसभा में क्या-क्या हुआ?