नोटों से भरी 35 बोरियां, सोने के बिस्किट… बस ड्राइवर के घर मिला इतना कैश, गिनते-गिनते फेल हो गईं 5 मशीनें
TV9 Bharatvarsh July 30, 2026 10:42 AM

Raid At Bus Driver’s House: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस की छापेमारी के दौरान किसी फिल्मी सीन जैसा नजारा देखने को मिला. पुलिस ने एक पूर्व सरकारी बस चालक के सामान्य से दिखने वाले घर पर दबिश दी. यहां से 20 करोड़ नकद और 15 किलो सोने के बिस्कुट बरामद किए गए हैं. रकम इतनी ज्यादा थी कि गिनती के लिए मंगवाई गई 5 नोट गिनने वाली मशीनें भी जवाब दे गईं. पुलिस ने जिस घर पर छापा मारा, वो पूर्व सरकारी बस ड्राइवर मीनार मंडल का है.

जब पुलिस टीम घर के भीतर दाखिल हुई, तो वहां 35 बोरियों में भरकर रखा गया काला धन और 15 किलो सोने के बिस्कुट देखकर अधिकारी दंग रह गए. जब्त नकदी और सोने को सुरक्षित ले जाने के लिए पुलिस को लोहे के 5 बड़े ट्रंक (बक्से) मंगाने पड़े. 5 मशीनों की मदद से कई घंटों तक नोटों की गिनती चलती रही, लेकिन भारी रकम के कारण मशीनों ने काम करना बंद कर दिया.

ये भी पढ़ें:नीले ड्रम में भरवा दूंगी इटावा में पत्नी की धमकियों से टूटा युवक, फंदे पर झूलकर दी जान

पत्थर खदान कारोबारी से जुड़े हैं तार

पुलिस की शुरुआती जांच में इस अवैध संपत्ति का कनेक्शन माइनिंग से जुड़ता दिख रहा है. आरोपी मीनार मंडल बीरभूम इलाके के बड़े पत्थर खदान (माइनिंग) कारोबारी तुलु मंडल की पत्नी का भाई है. पुलिस को अंदेशा है कि यह पूरा काला धन अवैध खनन कारोबार और लेन-देन से जुड़ा हो सकता है. पुलिस ने पूरी संपत्ति जब्त कर ली है और आरोपी के खिलाफ वित्तीय अपराध व अवैध संपत्ति से जुड़े मामले दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.