Sawan 2026: झारखंड के विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम और बासुकीनाथ मंदिर में इस बार पूरे सावन महीने के दौरान VIP दर्शन पर रोक लगा दी गई है. झारखंड सरकार ने आम श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है. 30 जुलाई से शुरू हुए सावन महीने के साथ ही यह व्यवस्था लागू हो गई है. पूरे श्रावणी मेले के दौरान प्रभावी रहेगी. सरकार की ओर से मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) की अपर मुख्य सचिव एवं गृह सचिव वंदना डाडेल ने इस संबंध में आदेश जारी किया है.
आम श्रद्धालुओं को मिलेगी प्राथमिकताश्रावण माह में देशभर से लाखों श्रद्धालु और कांवड़िए देवघर पहुंचकर बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करते हैं. भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने इस बार VIP और आउट ऑफ टर्न दर्शन की सुविधा पूरी तरह बंद कर दी है. इसका उद्देश्य यह है कि सभी श्रद्धालुओं को समान अवसर मिले और किसी को भी लंबा इंतजार न करना पड़े.
ये भी पढे़ं- बाबा धाम जाने से पहले पढ़ लें! मुफ्त टेंट सिटी, लाइव दर्शन, ड्रोन शो और स्पेशल बसें; क्या है बिहार सरकार की मेगा तैयारी?
अर्घा सिस्टम से शुरू हुआ जलाभिषेकश्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित जलार्पण के लिए बाबा मंदिर में अर्घा सिस्टम लागू किया गया है. इस व्यवस्था के तहत श्रद्धालु कतारबद्ध होकर आसानी और व्यवस्थित तरीके से भगवान शिव का जलाभिषेक कर सकेंगे. श्रावणी मेले के पहले दिन देवघर के उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर की मौजूदगी में अर्घा व्यवस्था शुरू कराई गई.
पहले दिन उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़श्रावण माह की शुरुआत के साथ ही बाबा बैद्यनाथ धाम में सुबह से ही श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की भारी भीड़ देखने को मिली. दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालु बोल बम के जयकारों के साथ कतारों में लगकर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर रहे हैं. प्रशासन लगातार भीड़ प्रबंधन पर नजर बनाए हुए है, ताकि दर्शन और जलार्पण की प्रक्रिया सुचारू रूप से चलती रहे.
AI कैमरे, फेस रिकॉग्निशन और ड्रोन से होगी निगरानीइस बार श्रावणी मेले की सुरक्षा व्यवस्था को पहले से अधिक आधुनिक बनाया गया है. पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी AI आधारित कैमरों, फेस रिकॉग्निशन सिस्टम और ड्रोन के जरिए की जाएगी. इसके अलावा कंट्रोल रूम से पूरे मेले की गतिविधियों पर 24 घंटे नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके.
QR कोड से दर्ज होगी शिकायतश्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस बार QR कोड आधारित शिकायत और फीडबैक प्रणाली भी शुरू की गई है. श्रद्धालु QR कोड स्कैन कर अपनी शिकायत या सुझाव सीधे जिला प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे. संबंधित विभाग शिकायत मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई करेगा, जिससे समस्याओं का जल्द समाधान हो सके.
प्रशासन ने की सहयोग की अपीलजिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें. अधिकारियों का कहना है कि VIP दर्शन पर रोक और नई व्यवस्थाओं का उद्देश्य सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सरल और व्यवस्थित तरीके से बाबा बैद्यनाथ और बासुकीनाथ के दर्शन कराना है. पूरे श्रावण मेले के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जाएगी.