Daily Rashifal 2026: चंद्रमा आज सुबह-सुबह, करीब पौने सात बजे, मकर राशि से निकलकर कुंभ में आ गए हैं और साथ में धनिष्ठा नक्षत्र है. यह नक्षत्र समृद्धि, संगीत और लय का माना जाता है, तो जाहिर है दिन की शुरुआत में एक अच्छी, उत्साह भरी ऊर्जा महसूस होगी. शाम को साढ़े सात बजे के आसपास यही चंद्रमा राहु के साथ युति बना लेंगे और यह मुलाकात ग्रहण जैसा ही असर देने वाली मानी जाती है, तो शाम ढलते ही मन में हल्की बेचैनी, अजीब-अजीब ख्याल, मूड में उतार-चढ़ाव शुरू हो सकता है. सलाह यही रहेगी कि कोई बड़ा फैसला या जरूरी बात रात के लिए मत छोड़िए, दिन में ही निपटा लें.
आज का दिन असल में दो हिस्सों में बंटा हुआ है. दोपहर तक धनिष्ठा की मेहनत और खुशहाली वाली ऊर्जा साथ रहेगी इसलिए सारे जरूरी काम दोपहर तक निपटा लीजिए. शाम साढ़े सात बजे के बाद माहौल थोड़ा बदल जाएगा, खासकर कुंभ राशि वालों के लिए क्योंकि यह युति सीधे उन्हीं के लग्न पर हो रही है. सिंह और वृश्चिक वालों के घर में आज खुशनुमा माहौल रहेगा. कन्या और मकर राशि वाले पैसे और नौकरी के मामले शाम से पहले ही सुलझा लें, अच्छा रहेगा. शनि वक्री हैं तो लंबे समय वाले फैसलों में जल्दबाजी बिल्कुल न करें.
मेष राशिआज सुबह से ही लाभ और नेटवर्किंग की तरफ आपका ध्यान खिंचेगा. पुराने किसी दोस्त का फोन आए या कोई प्रोफेशनल कॉन्टैक्ट अचानक याद आ जाए, तो बात करने में देर मत कीजिए, दोपहर तक का समय अच्छा है. घर में सूर्य-गुरु की मौजूदगी से बड़े लोगो का मार्गदर्शन बना रहेगा, हालांकि गुरु अस्त हैं तो नतीजे तुरंत नहीं दिखेंगे. पैसों की तरफ से मन शांत रहेगा, मंगल का साथ बना रहेगा. बस शाम ढलने के बाद अगर अचानक मन उचट जाए या अजीब सा ख्याल आए तो घबराइए मत, बस उस वक्त कोई बड़ा फैसला मत लीजिए. सुबह के वक्त सूर्य को जल में लाल फूल डालकर अर्घ्य दे दें, मन हल्का रहेगा.
वृषभ राशिकरियर के मोर्चे पर आज दिन अच्छा खुल रहा है. जो काम काफी दिनों से लटके पड़े थे, उन्हें आज निपटाने का मन बनेगा . बॉस या सीनियर से बात करनी हो तो दोपहर तक कर लीजिए, बाद में बात करने का मूड ठीक नहीं रहेगा. मंगल आपकी ही राशि में हैं, इसलिए आत्मविश्वास और स्थिरता दोनों साथ रहेंगी. सूर्य-गुरु की युति से बातचीत के मामले में मार्गदर्शन मिलेगा, पर असर धीमा है, जल्दी परिणाम की उम्मीद मत रखिए. शाम के बाद करियर से जुड़ा कोई बड़ा फैसला अभी टाल ही दें, मन में बेचैनी घर कर सकती है. घर में माहौल अच्छा रहेगा आज शुक्रवार है तो किसी छोटी बच्ची को कुछ मीठा खिला दीजिए.
मिथुन राशिआज भाग्य और धर्म-कर्म से जुड़े मामलों में दिन का पहला हिस्सा अनुकूल लग रहा है. किसी गुरु या बड़े-बुजुर्ग से मिलना हो, या कोई पूजा-पाठ का काम हो, तो दोपहर तक निपटा लीजिए. सबसे राहत की बात यह कि आपके अपने ग्रह बुध अब मार्गी हो चुके हैं और रफ्तार भी पकड़ रहे हैं, इसलिए बातचीत में साफगोई और फैसलों में स्पष्टता लौटती दिखेगी. पैसों के मामले में सूर्य-गुरु का साथ शुभ है, बस फल मिलने में थोड़ा वक्त लगेगा. शाम के बाद अगर मन अचानक भटकने लगे या अजीब ख्याल आएं तो चिंता मत कीजिए, बस रात के वक्त शांत रहने की कोशिश करें. किसी किन्नर को कुछ पैसे दान कर दीजिए, आशीर्वाद मिलेगा.
कर्क राशिआज का दिन थोड़ा उतार-चढ़ाव वाला रह सकता है, अचानक कुछ हलचल हो सकती है. दफ्तर में कोई अनएक्सपेक्टेड बात सामने आ सकती है, इसलिए कागज-पत्तर संभालकर रखें और काम पर ध्यान बनाए रखें. ससुराल पक्ष से भी कोई उलझी हुई बात आ सकती है, ज्यादा उलझने की जरूरत नहीं. राहत की बात यह है कि सूर्य और गुरु सीधे आपके लग्न पर बैठे हैं, इसलिए मुश्किल हालात से निपटने की ताकत मिलेगी, बस अहंकार को पास न आने दें. लाभ की स्थिति स्थिर बनी हुई है, मंगल का साथ अच्छा है. शाम के बाद कोई बड़ा फैसला बिल्कुल न लें, आज जल्दी सो जाना ही बेहतर रहेगा. घर में पानी व्यर्थ न बहने दें.
सिंह राशिजीवनसाथी और साझेदारी के मामले में आज दिन खास है. पार्टनर या बिजनेस साझेदार से कोई जरूरी बात करनी हो तो दोपहर तक कर लीजिए. शुक्र और केतु दोनों आपके लग्न पर मौजूद हैं, तो आकर्षण और व्यक्तित्व की चमक आज कुछ ज्यादा ही रहेगी. करियर में मंगल का साथ स्थिर तरक्की दे रहा है, इस पर भरोसा रखिए. शाम के बाद जीवनसाथी के साथ कोई भारी-भरकम भावनात्मक बात मत छेड़िए, मन अचानक बेचैन हो सकता है. घर पर माहौल आज धार्मिक और सुखद बना रहेगा. गायत्री मंत्र का ग्यारह बार जाप कर लीजिए, फायदा होगा.
कन्या राशिआज सेहत और नौकरी दोनों पर थोड़ा ध्यान देना पड़ेगा. मन में उलझन सी बनी रह सकती है, और कोई पीठ पीछे कुछ करने की कोशिश भी कर सकता है. इसलिए किसी उलझन में पड़े बिना चुपचाप बस अपना काम करते रहें. राहत की बात यह कि बुध अब मार्गी हो चुके हैं, तो करियर के फैसलों में स्पष्टता लौट रही है. शनि साझेदारी वाले भाव में लगभग स्थिर हैं, जीवनसाथी का साथ मजबूती से मिलेगा. जो भी जरूरी काम हैं, दोपहर तक निपटा लें, शाम के बाद आराम कीजिए और रात में कोई बड़ा फैसला टाल दीजिए. बुधवार है, गणेश जी को मोदक का भोग लगा दीजिए.
तुला राशिकरियर में आज पकड़ मजबूत होती दिख रही है. दफ्तर में इज्जत बनी रहेगी और दोस्तों का साथ भी मन को खुश रखेगा. शुक्र अपनी ही नक्षत्र में लाभ वाले भाव में बैठे हैं, इसलिए प्रेम, संतान और रचनात्मकता के मामले में दिन के पहले हिस्से में अच्छी खबरें मिल सकती हैं. बच्चों के साथ कुछ खास करना है तो दोपहर तक कर लीजिए. शाम के बाद प्रेम से जुड़ा कोई बड़ा भावनात्मक फैसला मत लीजिए, मन अचानक बेचैन हो सकता है. शनि वक्री हैं, इसलिए लंबी अवधि वाले फैसलों में थोड़ा सोच-विचार जरूर करें. माथे पर रोज सफेद चंदन का तिलक लगाइए.
वृश्चिक राशिआज धार्मिक कामों और परिवार की तरफ मन ज्यादा खिंचेगा. घर से जुड़ा कोई काम हो या मां से कोई बात करनी हो, तो दोपहर तक निपटा लें, जमीन-जायदाद का मामला भी इसी दौरान आगे बढ़ा लीजिए. मंगल साझेदारी वाले भाव में स्थिर हैं, तो जीवनसाथी के साथ भरोसा और गर्मजोशी बनी रहेगी. सूर्य-गुरु की युति भाग्य के मामले में शुभ आधार दे रही है, बस फल मिलने में देर लगेगी. शाम के बाद घर से जुड़ा कोई बड़ा फैसला टाल दीजिए, मन में अचानक बेचैनी आ सकती है. गाड़ी चलाते वक्त भी थोड़ा सतर्क रहें. मंगलवार है, सुंदरकांड या हनुमान चालीसा पढ़ लीजिए.
धनु राशिभाई-बहन और छोटी यात्राओं के लिहाज से आज दिन ठीक-ठाक रहेगा. भाई-बहन से कोई जरूरी बात हो, या कहीं छोटी यात्रा पर जाना हो, तो दोपहर तक ही कर लें, पड़ोसी से भी बातचीत इसी दौरान अच्छी रहेगी. गुरु उच्च राशि में होते हुए भी सूर्य के पास अस्त हैं, तो छुपे हुए शुभ फल धीरे-धीरे ही सामने आएंगे, धैर्य रखना पड़ेगा. मंगल का साथ सेहत के मामले में स्थिर है, शरीर में ऊर्जा बनी रहेगी. शाम के बाद भाई-बहन के साथ कोई बड़ा भावनात्मक या पैसों वाला फैसला मत लीजिए, और कंधों का थोड़ा ख्याल रखें. अपने गुरुओं और बड़ों का सम्मान आज खास तौर पर फलदायी रहेगा.
मकर राशिपैसे और परिवार के मामले में आज दिन सुखद रहने वाला है. जो भी जरूरी पैसों का काम है या परिवार की कोई बड़ी बात करनी है, दोपहर तक निपटा लीजिए. शनि बातचीत वाले भाव में वक्री होकर चल रहे हैं, तो पुराने कर्म-संबंधी विषयों की समीक्षा जरूरी हो जाएगी. सूर्य-गुरु की युति साझेदारी में शुभ आधार दे रही है, असर भले धीरे-धीरे दिखे. शाम के बाद पैसों से जुड़ा कोई बड़ा फैसला टाल दीजिए, मन अचानक बेचैन हो तो घबराने की जरूरत नहीं, बस शांत रहें. आंखों को थोड़ा आराम दीजिए. पक्षियों और काले कुत्ते को रोटी खिलाना आज अच्छा रहेगा.
कुंभ राशिआज आपके व्यक्तित्व में अलग सा आत्मविश्वास और ऊर्जा रहेगी, क्योंकि चंद्रमा सीधे आपके लग्न से गुजर रहे हैं तो कोई भी जरूरी बातचीत, मुलाकात या काम दोपहर तक निपटा लीजिए. शाम को साढ़े सात बजे के आसपास चंद्रमा राहु के साथ सीधे आपके लग्न पर ही युति बना लेंगे, और इसका असर बाकी सब राशियों से ज्यादा आप पर पड़ेगा. इसलिए शाम ढलते ही मन में बेचैनी, अजीब ख्याल या भावनात्मक उथल-पुथल महसूस हो सकती है. आज रात के वक्त कोई बड़ा फैसला, नई शुरुआत या जरूरी बातचीत बिल्कुल टाल दीजिए, शांत रहें और जल्दी सो जाएं. महामृत्युंजय मंत्र का जाप करते रहिए, राहत मिलेगी.
मीन राशिआज का दिन आत्मचिंतन और अकेले वक्त बिताने के लिए बढ़िया है. अपने भीतर झांकने और खुद पर काम करने का यही सही समय है. कोई जरूरी योजना बनानी हो या विदेश से जुड़ा कोई काम हो, तो दोपहर तक निपटा लीजिए, कोर्ट-कचहरी के मामलों में भी आज फायदा मिल सकता है. गुरु उच्च राशि में हैं और प्रेम-रचनात्मकता के भाव में अच्छी ऊर्जा दे रहे हैं, बस अस्त होने से फल थोड़ा देर से मिलेगा. शाम के बाद बड़े खर्च या विदेश से जुड़े फैसले टाल दीजिए, मन बेचैन हो तो घबराइए मत. हल्दी वाले पानी से नहा लीजिए, या पानी में थोड़ा केसर मिला लीजिए.
ये भी पढ़ें-
साल 2026 में आपकी किस्मत के सितारे क्या कहते हैं? सभी 12 राशियों का वार्षिक भविष्यफल
ये साल किन मूलांक वालों के लिए है लकी, किसे करना पड़ेगा स्ट्रगल? अंक ज्योतिष से जानें अपना वार्षिक राशिफल