दिल्ली की महिला यात्रियों को रेखा सरकार ने बड़ी राहत दी है. सरकार ने DTC और दिल्ली ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट की बसों में मुफ़्त यात्रा सुविधा के लिए ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ के अनिवार्य इस्तेमाल की समय-सीमा को आगे बढ़ाया है. नए फैसले के अनुसार बस कंडक्टर 15 अगस्त 2026 तक पिंक टिकट पहले की तरह जारी करते रहेंगे. जबकि 16 अगस्त 2026 से मुफ्त बस यात्रा के लिए ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ (एनसीएमसी) का इस्तेमाल अनिवार्य होगा. यह फैसला स्मार्ट कार्ड-आधारित सिस्टम को आसानी से अपनाने और यह सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है. ताकि इस बदलाव के दौरान किसी भी पात्र महिला यात्री को किसी भी तरह की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े.
10 जुलाई 2026 के आदेश के अनुसार, 1 अगस्त 2026 से DTC बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा केवल वैध पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड (NCMC) रखने वाली महिला यात्रियों को ही उपलब्ध कराई जानी थी. हालांकि, पात्र महिला यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तथा उन्हें यह कार्ड प्राप्त करने के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकार ने वर्तमान व्यवस्था को 15 अगस्त 2026 तक जारी रखने का निर्णय लिया है. 16 अगस्त 2026 से केवल वैध पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड (NCMC) रखने वाली महिला यात्री ही DTC बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा का लाभ उठा सकेंगी.
जागरूकता अभियान को और अधिक तेज करेंपरिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है कि यह बदलाव आसानी से नागरिकों के अनुकूल और बिना किसी परेशानी के हो. परिवहन मंत्री ने सभी संबंधित अधिकारियों, डिपो मैनेजरों, क्षेत्रीय प्रबंधकों और बस कंडक्टरों को निर्देश दिए हैं कि वे जन-जागरूकता अभियान को और अधिक तेज करें. साथ ही महिला यात्रियों को तय समय-सीमा से पहले उनके ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ बनवाने में हर संभव मदद करें.
17 लाख 4 हजार 42 पिंक कार्ड जारी31 जुलाई 2026 तक कुल 17 लाख 4 हजार 42 पिंक कार्ड जारी किए जा चुके हैं. सरकार का कहना है कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट को और ज़्यादा सुलभ, पारदर्शी और टेक्नोलॉजी पर आधारित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. निर्धारित समय-सीमा बढ़ाने का फ़ैसला सिर्फ महिला यात्रियों के हित को ध्यान में रखकर लिया गया है. ताकि हर पात्र लाभार्थी को ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ हासिल करने के लिए पर्याप्त समय मिल सके. सरकार का कहना है कि सभी महिला यात्रियों को 16 अगस्त से पहले अपने NCMC कार्ड बनवा लेने चाहिए.