One Day Cup: गए थे बैटिंग करने, बरपा दिया गेंद से कहर, आशुतोष शर्मा ने आधी टीम अकेले की ढेर
TV9 Bharatvarsh August 01, 2026 04:42 AM

भारत के ऑलराउंडर आशुतोष सिंह को भले ही IPL और डॉमेस्टिक क्रिकेट में सिर्फ एक फिनिशर के तौर पर इस्तेमाल किया जाता हो लेकिन इंग्लैंड में वो अपनी गेंदबाजी का जलवा बिखेर रहे हैं. पहली बार इंग्लैंड के घरेलू क्रिकेट में खेल रहे आशुतोष ने वनडे कप 2026 बल्लेबाजों का क्रीज पर टिकना मुश्किल कर दिया है. इंग्लिश क्लब हैंपशर के लिए खेल रहे आशुतोष ने लगातार 4 मैच में विकेट लेकर सबको हैरान कर दिया है. खास तौर पर एसेक्स के खिलाफ तो दाएं हाथ के मीडियम पेसर ने अकेले ही 5 विकेट चटका दिए.

शुक्रवार 31 अगस्त को चेम्सफोर्ड में ग्रुप B के मैच में एसेक्स और हैंपशर आमने-सामने थे. एसेक्स इस मैच में पहले बैटिंग कर ही थी, जहां उसके लिए ओपनर नोआ थेइन ने शानदार शतक जमाया. इस बल्लेबाज ने 96 गेंदों में 109 रन की पारी खेली. उनके अलावा ग्रांट रूलोफसन ने 35 गेंदों में 52 रन की तेज पारी खेली. इनके दम पर एसेक्स ने 49 ओवर में 317 रन बनाए. मगर ये स्कोर इससे भी बड़ा हो सकता था और ऐसा होने से रोका आशुतोष शर्मा ने.

अकेले आधी टीम को निपटा गए आशुतोष

आशुतोष ने अकेले ही एसेक्स की आधी टीम को ढेर कर दिया और इसकी शुरुआत उन्होंने टीम के कप्तान से की. हैंपशर के लिए खेल रहे भारतीय खिलाड़ी ने 19वें ओवर में एसेक्स के कप्तान टॉम वेस्टली को आउट किया और फिर उसी ओवर में चार्ली एलिसन को खाता खोले बिना लौटा दिया. इसके बाद उन्होंने अपने आखिरी 2 ओवर में 3 विकेट लेकर पूरी टीम को 317 रन पर ही रोक दिया. अपने 10 ओवर के स्पैल में आशुतोष शर्मा ने 51 रन ही खर्चे और सबसे ज्यादा 5 विकेट हासिल किए.

इंग्लैंड में खूब झटक रहे विकेट

IPL में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के अलावा घरेलू क्रिकेट में रेलवे के लिए अपनी बैटिंग से आशुतोष ने पहचान बनाई. इसी पहचान के चलते उन्हें हैंपशर ने अपने वनडे कप के लिए साइन किया. अब बैटिंग से तो आशुतोष अभी तक कुछ भी कमाल नहीं कर सके हैं लेकिन गेंदबाजी से जरूर उन्हें रोकना मुश्किल हो रखा है. उन्होंने अभी तक खेले चारों मैच में विकेट लिए हैं और कुल मिलाकर इन 4 मुकाबलों में ही 13 विकेट झटक चुके हैं. ये इसलिए भी खास है क्योंकि इससे पहले अपने पूरे करियर में आशुतोष ने सिर्फ 2 विकेट लिए थे.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.