नसीम दुर्रानी गैंग का गुर्गा 'छोटा बाबर' गिरफ्तार, अपहरण कर मांगी थी 10 लाख की रंगदारी
TV9 Bharatvarsh August 01, 2026 05:42 AM

दिल्ली क्राइम ब्रांच (एनडीआर) ने नसीम दुर्रानी गैंग के सक्रिय सदस्य और वांछित बदमाश शोएब मलिक उर्फ छोटा बाबर (22) को गिरफ्तार किया है. आरोपी उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ओल्ड मुस्तफाबाद का रहने वाला है. शोएब दयालपुर थाने में दर्ज अपहरण, रंगदारी और फिरौती के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था. उसके खिलाफ अदालत से गैर-जमानती वारंट (NBW) भी जारी हो चुका था.

पुलिस के मुताबिक 26 मार्च की रात आरोपी ने अपने साथियों फुरमान, सलीम उर्फ फाइटर, फहीम और गंजा के साथ मिलकर दानिश नाम के युवक का मुस्तफाबाद इलाके से हथियार के बल पर अपहरण किया था.

10 लाख रुपए की रंगदारी मांगी

आरोपियों ने पीड़ित से 10 लाख रुपए की रंगदारी मांगी, उसके साथ मारपीट की, आईफोन छीन लिया और मोबाइल बैंकिंग के जरिए उसके खाते से करीब 2 लाख रुपए भी ट्रांसफर कर लिए थे. इस मामले में पहले ही सलीम उर्फ फाइटर, फुरमान और समीर को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि शोएब, फहीम और गंजा फरार थे.

पूछताछ में आरोपी ने अपराध किया कबूल

क्राइम ब्रांच को गुप्त सूचना मिली थी कि शोएब न्यू अशोक नगर इलाके में आने वाला है. इसके बाद टीम ने 30 जुलाई (गुरुवार) की सुबह करीब 7:30 बजे दत्त भवन, गंदा नाला रोड के पास घेराबंदी कर उसे दबोच लिया. पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध कबूल किया. इसके बाद उसे कानूनी प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया गया.

दिल्ली के कारोबारियों से रंगदारी वसूलने का काम

पुलिस के अनुसार, शोएब सातवीं कक्षा तक पढ़ा है और उसका पिता लोनी (गाजियाबाद) में मैकेनिक की दुकान चलाता है. पुलिस का कहना है कि जनवरी 2026 में शोएब नसीम दुर्रानी गैंग के संपर्क में आया और इसके बाद गैंग के साथ मिलकर उत्तर-पूर्वी दिल्ली के कारोबारियों से रंगदारी वसूलने का काम करने लगा.

नसीम दुर्रानी गैंग के नेटवर्क का खुलासा

आरोपी दयालपुर थाने का बीसी (बैड कैरेक्टर) भी है. उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, अपहरण, रंगदारी, स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट समेत चार आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस का मानना है कि शोएब की गिरफ्तारी से नसीम दुर्रानी गैंग के फरार बदमाशों तक पहुंचने और गैंग के नेटवर्क का खुलासा करने में मदद मिलेगी.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.