Akshay Kumar: अक्षय कुमार क्यों नहीं थे 'भूल भुलैया 2' का हिस्सा? अनीस बज्मी ने बता दी सच्चाई
TV9 Bharatvarsh August 01, 2026 06:42 PM

Anees Bazmee on Bhool Bhulaiyaa 2: साल 2022 में आई ‘भूल भुलैया 2’ की रिलीज के वक्त सबसे ज्यादा चर्चा जिस बात की हुई थी, वो थी अक्षय कुमार की गैरमौजूदगी. साल 2007 में आई ‘भूल भुलैया’ में अक्षय कुमार ने लीड रोल प्ले किया था. लेकिन सीक्वल में उनकी जगह कार्तिक आर्यन ‘रूह बाबा’ बनकर नजर आए. उस समय कई फैंस इस फैसले से निराश भी हुए थे. अब फिल्म के डायरेक्टर अनीस बज्मी ने पहली बार इस पूरे मामले पर खुलकर बात की है. उन्होंने न सिर्फ अक्षय कुमार के फिल्म में न होने की वजह पर अपनी बात रखी, बल्कि दोनों के रिश्ते को लेकर भी बड़ा खुलासा किया.

डायरेक्टर अनीस बज्मी ने सालों बाद ‘भूल भुलैया 2’ में अक्षय कुमार के न होने पर बात की. इस दौरान डायरेक्टर ने कहा कि एक फिल्म न करने से सुपरस्टार पर कोई फर्क नहीं पड़ता. उन्होंने ये भी साफ किया कि कास्टिंग का फैसला सिर्फ उनका नहीं था. आइए जानते हैं कि अनीस बज्मी ने और क्या कुछ कहा है.

अनीस बज्मी ने तोड़ी चुप्पी

एक इंटरव्यू में अनीस बज्मी ने कहा, “अक्षय जी जो हैं ही… वो स्टार हैं. वो एक फिल्म करें या न करें, उन्हें फर्क नहीं पड़ता. और जहां तक फिल्म का सवाल है, प्रियदर्शन जी बहुत अच्छे डायरेक्टर हैं. उन्होंने एक कल्ट फिल्म बनाई थी, तो जाहिर है जब उसका अगला पार्ट बनाया जा रहा था, तब दबाव तो था कि इसे कैसे बनाया जाएगा.”

यह भी पढ़ें – वेलकम 3 की सक्सेस के बाद अक्षय कुमार ने फिर अहमद खान से मिलाया हाथ? अगली फिल्म पर धांसू अपडेट

अक्षय कुमार के ‘भूल भुलैया 2’ का हिस्सा न बनने पर अनीस बज्मी ने साफ किया कि इसका असर कभी भी उनके आपसी रिश्ते पर नहीं पड़ा. उन्होंने कहा, “अक्षय जी ने फिल्म की या नहीं की, किसी न किसी के साथ तो मुझे फिल्म बनानी ही थी. इसके बावजूद मेरे और उनके रिश्ते हमेशा बहुत अच्छे रहे हैं. लेकिन जिस भी वजह से ऐसा हुआ, वो सिर्फ मेरा अकेले का फैसला नहीं था. हालात ऐसे थे कि फिल्म किसी और के साथ बनी और हमने नया किरदार ‘रूह बाबा’ बनाया.”

कार्तिक आर्यन को लेकर क्या कहा?

अनीस ने कार्तिक आर्यन की तारीफ करते हुए कहा, “कार्तिक आर्यन ने बहुत बेहतरीन काम किया. बहुत अच्छा काम किया और एक अच्छी, खूबसूरत फिल्म बनी. मेरे लिए किसी के साथ काम करना या न करना कभी रिश्तों पर असर नहीं डालता.”

बता दें कि साल 2022 में रिलीज हुई ‘भूल भुलैया 2’ उस साल की सबसे बड़ी हिंदी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल रही थी. फिल्म में कार्तिक आर्यन, कियारा आडवाणी और तब्बू जैसे कलाकार नजर आए थे. इसी फिल्म के जरिए लोगों को ‘रूह बाबा’ का नया किरदार मिला. शुरुआत में अक्षय कुमार की गैरमौजूदगी को लेकर कुछ फैंस ने नाराजगी जरूर जताई थी. लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म को शानदार रिस्पॉन्स मिला. फिल्म की सक्सेस के बाद ‘भूल भुलैया 3’ भी बनी और इस फ्रेंचाइजी की पॉपुलैरिटी पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हो गई.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.