दिल्ली से लेकर बिहार तक भारी बारिश…ओडिशा-असम में बाढ़ से हाहाकार, हिमाचल-उत्तराखंड के लिए अलर्ट
TV9 Bharatvarsh August 02, 2026 11:42 AM

India Weather Update: देशभर के अधिकांश हिस्सों में इन दिनों बरसात का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है. हर जगह मॉनसून ने रफ्तार पकड़ ली है. असम और ओडिशा में तो मॉनसूनी बरसात ने कहर मचा रखा है. यहां बाढ़ से लाखों लोग प्रभावित हैं. वहीं आज यानी 02 अगस्त को मौसम विभाग की ओर से यूपी, बिहार समेत कई राज्यों में तूफानी बारिश के साथ आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. कुछ राज्यों में ओले गिर सकते हैं.

देश की राजधानी दिल्ली में आज मौसम विभाग ने मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना जताई है. इस दौरान हवा की स्पीड 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. देश की राजधानी में आज अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. वहीं यूपी में आज 16 जिलों में भारी बारिश-आंधी की चेतावनी जारी की गई है.

बिहार में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने आज बिहार में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. गया, जहानाबाद, पटना, सारण, सिवान, बक्सर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, बेगूसराय और भागलपुर में बारिश-आंधी का येलो अलर्ट है. झारखंड के कई जिलों में भी आज भारी बरसात और आंधी देखने को मिल सकती है.

राजस्थान, एमपी और पंजाब में भारी बारिश

राजस्थान के टोंक, कोटा, चित्तौड़गढ़, जयपुर, भिलवाड़ा, प्रतापगढ़, उदयपुर, कोटा, अजमेर और सीकर में भारी बारिश-आंधी चल सकती है. मध्य प्रदेश के भी 10 जिलों में आज मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं पंजाब के पटियाला, अमृतसर, गुरदासपुर, लुधियाना और संगरूर में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है.

पहाड़ी इलाकों का क्या रहेगा हाल?

पहाड़ी इलाकों के मौसम की बात करें तो उत्तराखंड के कई इलाकों में बरसात का तांडव देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग ने आज से 04 अगस्त तक यहां के कई इलाकों में तूफानी बारिश की चेतावनी जारी की है. हिमाचल प्रदेश में आज कई जिलों में जोरदार बरसात देखने को मिल सकती है. जम्मू-कश्मीर के जम्मू, पूंछ, कुलगाम, पुलवामा, उधमपुर, कठुआ, अनंतनाग, कुपवाड़ा और गांदरबल में बारिश-आंधी का है.

असम, ओडिशा और गुजरात में है बूरा हाल

असम और ओडिशा में लाखों लोग बाढ़ से प्रभावित हैं. अब तक 80 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 7 लाख लोग बेघर हो चुके हैं. ओडिशा में भी लगातार बारिश से हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं. कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिससे 2 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और 3 लोगों की जान जा चुकी है. दक्षिण गुजरात के वलसाड, नवसारी, खेड़ा, अमरेली और सूरत जिलों में भी स्थिति भयावह है.

ये भी पढ़ें: सुबह-सुबह दिल्ली में लगे भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 2.9 तीव्रता

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.