Jhansi News: उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन पर शनिवार को उस समय अचानक हड़कंप मच गया, जब प्लेटफॉर्म नंबर-1 के फुटओवर ब्रिज (FOB) की लोहे की जाली से एक युवक का शव संदेहास्पद स्थिति में लटका मिला. शुरुआती नजर में युवक सामान्य रूप से खड़ा दिखाई दे रहा था, लेकिन जब यात्रियों ने पास जाकर देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी. सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
चश्मदीदों के मुताबिक, रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बने फुटओवर ब्रिज की लोहे की जाली के पास एक युवक को खड़ा देख यात्रियों को पहले कुछ असामान्य नहीं लगा. जब कुछ यात्री उसके करीब पहुंचे तो उन्होंने देखा कि युवक के गले में लोहे का पतला तार कसा हुआ था और वह जाली के सहारे बेजान अटका हुआ था. यह दृश्य देखते ही स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई.
GRP और RPF की त्वरित कार्रवाई, तार काटकर उतारा गया शव
सूचना मिलते ही जीआरपी और RPF के अधिकारी बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिसकर्मियों ने सावधानीपूर्वक लोहे के तार को काटकर शव को नीचे उतारा. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया.
ये भी पढ़ें: कानपुर का 300 साल पुराना अद्भुत शिव मंदिर, दिन में तीन बार बदलता है शिवलिंग का रंग
जेब में मिले पहचान पत्र से हुई शिनाख्त
GRP अधिकारियों के अनुसार, मृतक की जेब से मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी पहचान रितेश कुमार (निवासी बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है. पुलिस ने घटना की जानकारी बुलंदशहर में रह रहे युवक के परिजनों को दे दी है. GRP अधिकारियों का कहना है कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई साजिश, इसकी गहनता से तफ्तीश की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा.
(रिपोर्ट: विवेक शर्मा/झांसी)