कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगाने वाली एक लड़की का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी हुआ था. वहीं अब उसकी मां का बयान सामने आया है. उन्होंने पीएम मोदी का आभार जताया है. उन्होंने कहा कि पीएम द्वारा उनकी बेटी को माफ करने से बेटी को नई जिंदगी मिली है.
समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए मां ने कहा कि बदला लेने के बजाय माफ करने का विकल्प चुनने के लिए वो प्रधानमंत्री मोदी का हाथ जोड़कर आभार व्यक्त करती हैं. उन्होंने इसे अपनी बेटी के लिए दूसरा मौका बताया.
‘आज बच्ची का पुनर्जन्म हुआ है’उन्होंने कहा प्रधानमंत्री मोदी ने ऐसे गंदे और अश्लील शब्दों का प्रयोग करने वाली बच्ची को माफ करके अपनी महानता का परिचय दिया है. उन्होंने कहा ‘आज मेरी बेटी का जन्मदिन है और पीएम मोदी ने उसे सबसे बड़ा उपहार दिया है- जीवनदान. आज इस बच्ची का पुनर्जन्म हुआ है’.
पीएम ने किया था माफदरअसल, शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने जंतर-मंतर पर NEET-UG परीक्षा के पेपर लीक के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में हुए छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान उनके खिलाफ लगाए गए अपमानजनक नारों के बाद संयम बरतने की अपील की. अपशब्द कहने वालों को गुमराह बताते हुए पीएम ने कहा कि उनका मानना है कि इसका जवाब गुस्से या प्रतिशोध में नहीं है. 23 जुलाई को जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने पीएम के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगाए थे. जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था. इनमें रुचिका भी शामिल थी.
बेटी ने मांगी माफीपीएम की अपील के कुछ समय बाद ही बेटी का माफीनामा वीडियो सामने आया. वीडियो में उसने खुद को 15 साल की छात्रा बताया और कहा कि उससे बड़ी गलती हो गई. उसने कहा कि उसे अपनी गलती का अहसास हो गया है. उसने कहा ‘मैंने जो कुछ भी किया, वह माफी के योग्य नहीं था. मैंने बहुत सी बुरी बातें कही हैं’.
उसने ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ कनॉट प्लेस घूमने गई थी और वहीं से प्रदर्शन में पहुंची. उसने कहा कि वहां मौजूद लोगों को आपत्तिजनक नारे लगाते देखकर वह भी उनके प्रभाव में आ गई. उसने इसे अपनी पहली और आखिरी गलती बताते हुए पूरे देश से माफी मांगी. उसने कहा ‘मैं पूरे देश से माफी मांगती हूं. मुझे बहुत शर्म आ रही है. मैं खुद को देख भी नहीं सकती. कृपया मुझे माफ कर दीजिए’.
बेटी के खिलाफ FIR दर्जहालांकि माफी के बावजूद लड़की के खिलाफ नोएडा में शिकायत दर्ज कराई गई थी. इसके आधार पर नोएडा पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला नई दिल्ली के संसद मार्ग थाने को भेज दिया. शिकायतकर्ता का आरोप है कि लड़की की टिप्पणियों ने प्रधानमंत्री के पद की गरिमा का अपमान किया और इससे असामंजस्य फैलाने और सार्वजनिक शांति भंग करने की संभावना थी.
FIR वापस लेने की मांगवहीं मां ने कहा कि उन्होंने और उनकी बेटी दोनों ने बार-बार माफी मांगी है और एफआईआर वापस लेने की अपील की है, उन्होंने यह भी दावा किया कि एफआईआर में उनकी बेटी की उम्र गलत तरीके से 25 साल बताई गई है, जबकि वह 15 साल की नाबालिग है.
मां ने सरकार से नाबालिगों को सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने और विरोध प्रदर्शनों में भाग लेने से रोकने का आग्रह किया. उन्होंने कहा ‘प्रधानमंत्री मोदी से मेरा विनम्र निवेदन है कि कृपया 20 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए इंस्टाग्राम और फेसबुक पर प्रतिबंध लगा दें. उन्हें केवल पढ़ाई करने की अनुमति होनी चाहिए, विरोध प्रदर्शन करने की नहीं. ये लोग केवल बच्चों का फायदा उठाना चाहते हैं और उनसे कुछ भी बुलवाना चाहते हैं’.